समीर विद्वांस के डायरेक्शन में बनी फिल्म 'सत्यप्रेम की कथा' इन दिनों जबर्दस्त सुर्खियों में है। मूवी के साथ कियारा आडवाणी और कार्तिक आर्यन की जोड़ी को दोबारा पर्दे पर रोमांस फरमाते देखा जाना है। वहीं, बीते दिन यह जानकारी मिली थी कि फिल्म में हिट गाने 'पसूरी' का रीमेक होगा। यह बात सच है और फैंस के उत्साह को बढ़ाने के लिए मेकर्स ने इसका टीजर भी जारी कर दिया है।
फिल्म के मेकर्स ने 'पसूरी' गाने का टीजर जारी करते हुए कैप्शन में लिखा है, 'ग्लोबल हिट का फिर से अनुभव करें। आपका पसंदीदा ट्रैक जल्द ही आ रहा है।' इसके आगे कैप्शन के माध्यम से ही बताया गया है कि 'पसूरी' गाना कल यानी 26 जून, 2023 को रिलीज होगा। गाने के टीजर में कार्तिक आर्यन और कियारा आडवाणी की बोल्ड केमिस्ट्री देखते ही बन रही है।
'पसूरी' गाना कार्तिक आर्यन और अरिजीत सिंह की टीम-अप को दर्शाता है। 'सत्यप्रेम की कथा' के इस गाने को अरिजीत सिंह और तुलसी कुमार ने अपनी आवाज दी है। इससे पहले रिलीज हुए गाने 'नसीब से', 'आज के बाद', 'गुज्जू पटाखा' और 'सुन सजनी' पहले से ही दर्शकों के दिलों पर राज कर रहे हैं।
'सत्यप्रेम की कथा' एनजीई और नमः पिक्चर्स के बीच एक बड़े सहयोग का भी प्रतीक है। फिल्म में कार्तिक आर्यन और कियारा आडवाणी के अलावा सुप्रिया पाठक कपूर, अनुराधा पटेल, राजपाल यादव, निर्मित सावंत, गजराज राव, सिद्धार्थ रंधेरिया और शिखा तलसानिया जैसे सितारे भी लीड रोल मे नजर आने वाली हैं। वहीं, यह मूवी 29 जून, 2023 को सिनेमाघरों में धूम मचाने उतरेगी।