अर्पिता खान के पति और सलमान खान के जीजा आयुष शर्मा इन दिनों अपने डेब्यू को लेकर चर्चा में हैं। कहा जा रहा है कि सलमान करण जौहर के साथ मिलकर आयुष को फिल्मों में लॉन्च करेंगे। लेकिन सलमान के पिता सलीम खान का कहना है कि आयुष को फिल्म उसके टैलेंट के आधार पर ही मिलेगी।
डेकेन क्रॉनिकल के मुताबिक, जब सलीम खान से उनके दामाद आयुष शर्मा के लॉन्च के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, 'ग्लैमर और चकाचौंध की इस दुनिया में अगर आप कहते हैं कि भाई-भतीजावाद (नेपोटिजम) के चलते आप पॉपुलर हो जाएंगे तो आप गलत हैं। मेरे हिसाब से टैलेंट से ऊपर कुछ नहीं।'
सलीम खान ने आगे कहा, 'आयुष को काम सिर्फ और सिर्फ उसके टैलेंट के आधार पर मिलेगा। मुझे अभी ये पता नहीं है कि वो किस तरह की फिल्म होगी लेकिन मैं उसे डेब्यू के लिए शुभकामनाएं देता हूं।'
कहा जा रहा है कि सलमान आयुष को सैफ अली खान की बेटी सारा के साथ लॉन्च करेंगे। ये एक रोमांटिक फिल्म होगी जिसे सलमान ही प्रोड्यूस करेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सारा ने फिल्म की स्क्रिप्ट पढ़ ली है और उन्हें पसंद आई है। लेकिन अभी तक सारा के फिल्म साइन करने की कोई खबर नहीं है।