फिल्म ‘स्त्री’ से चर्चा में आई हिंदी सिनेमा की हॉरर कॉमेडी नामक नई श्रेणी के पीछे इन दिनों हर निर्माता लगा हुआ है। सबको हिंदी हार्टलैंड की ऐसी ही कहानी चाहिए। निर्माता दिनेश विजन तो ऐसी फिल्म का यूनीवर्स ही बनाने निकल पड़े थे लेकिन इस साल रिलीज हुई उनकी इस श्रेणी की दूसरी फिल्म ‘रूही’ कुछ खास कमाल दिखा नहीं पाई। दिनेश अब इसी श्रेणी की फिल्म ‘भेड़िया’ बना रहे हैं, उधर ऐसी ही एक फिल्म सोनाक्षी सिन्हा ने रितेश देशमुख और साकिब सलीम के साथ शुरू कर दी है। ये फिल्म सीधे ओटीटी पर रिलीज होगी और इसका निर्देशन मराठी फिल्मों के चर्चित निर्देशक आदित्य सरपोतदार करने जा रहे हैं। फिल्म की शूटिंग मंगलवार से मुंबई में शुरू हो गई।
फिल्म निर्माता कंपनी आरएसवीपी ने अपनी हॉरर-कॉमेडी 'ककुड़ा' की घोषणा मंगलवार को इसके मुहूर्त शॉट से की। रितेश देशमुख, सोनाक्षी सिन्हा और साकिब सलीम स्टारर ये फिल्म बहुत तेजी से बनती दिख रही है। फिल्म की मंगलवार से शुरू हुई शूटिंग पर इसके तीनों लीड सितारे काफी खुश नजर आए। सोनाक्षी की डिजिटल मनोरंजन जगत में ये दूसरी कोशिश है, इसके पहले वह नेटफ्लिक्स के लिए गोवा में एक प्रोजेक्ट शूट कर चुकी हैं।
'ककुड़ा' फिल्म आदित्य सरपोतदार की हिंदी में पहली फिल्म है। इसके पहले वह मराठी फिल्म में 'क्लासमेट्स', 'मौली' और 'फास्टर फेने' जैसी चर्चित फिल्में बना चुके हैं। जानकारी के मुताबिक फिल्म 'ककुड़ा' एक गांव में एक अजीब अभिशाप की कहानी के बारे में है। इस कहानी में तीनों मुख्य किरदारों का सामना एक चुनौतीपूर्ण भूत से होता है जो उन्हें मस्ती से भरी रोलरकोस्टर की सवारी में अंधविश्वास, परंपरा और यहां तक कि प्यार पर भी सवाल खड़ा करने पर मजबूर कर देता है।
फिल्म 'ककुड़ा' के लेखक हैं अविनाश द्विवेदी और चिराग गर्ग। निर्देशक आदित्य सरपोतदार कहते हैं, "मैं आरएसवीपी यानी रॉनी स्क्रूवाला के साथ सहयोग करने के लिए उत्साहित हूं। हम फिल्म को किसी बड़े पैमाने की कॉमर्शियल फिल्म से कम नहीं मान रहे हैं। कास्टिंग बिल्कुल सही है और कहानी आपको अपनी सीट के किनारे ले आएगी और सोचने पर मजबूर कर देगी।" वही सोनाक्षी सिन्हा का मानना है कि मौजूदा हालात को देखते हुए एक मजेदार कॉमेडी फिल्म वास्तव में समय की ज़रूरत है। मुझे 'ककुड़ा' की स्क्रिप्ट उसी समय पसंद आ गयी, जब मैंने इसे पढ़ा था। यह उस तरह की फिल्म है जिसे मैं एक दर्शक के रूप में देखना पसंद करूंगी।
फिल्म 'ककुड़ा' के बारे में इसके हीरो रितेश देशमुख कहते हैं, “मैं सोनाक्षी और साकिब के साथ फिल्म में काम कर रहा हूं। मुझे व्यक्तिगत रूप से हॉरर-कॉमेडी शैली पसंद है और 'ककुड़ा' मेरे लिए एक घोस्टबस्टर का हिस्सा तलाशने का एक शानदार अवसर है।" वहीं साकिब सलीम के मुताबिक, “एक बेहतरीन पटकथा, एक प्रतिभाशाली निर्देशक और बेहद प्रतिभाशाली सह-कलाकार, इससे ज्यादा एक फिल्म में और क्या मांगा जा सकता है। 'ककुड़ा' एक मजेदार सवारी होने वाली है।"