हिंदी सिनेमा की चर्चित जोड़ी ऋचा चड्ढा और अली फजल ने अपनी शादी की डॉक्यूमेंट्री रिअलीटी (RiAlity) की पहली झलक अपने चाहने वालों के सामने पेश कर दी है। ये झलक दोनों की शादी के साल भर बाद सामने आई है। दिल्ली, लखनऊ और मुंबई में ऋचा और अली के वैवाहिक कार्यक्रमों के खूबसूरत पल समेटे इस डॉक्यूमेंट्री का प्रसारण कब और कहां होगा, इसका खुलासा अभी नहीं किया गया है।
वहीं इस बारे में अली फजल कहते हैं, "हम अपनी भावनाओं, संघर्षों और इस मिलन की योजना के साथ मिली जीत को उजागर कर रहे हैं। रिअलीटी इस तथ्य का प्रमाण है कि प्यार हमेशा परफेक्ट नहीं होता है, लेकिन यह हमेशा पर्याप्त होता है। प्यार गहरा है और फिर भी दुनिया को हिलाने लायक है। ये फिल्म हमारी यात्रा के सार को दर्शाती है। इस डॉक्यूमेंट्री से कहने का हमारा तरीका है, 'ये हम हैं। खामियां, सपने और सब कुछ। और हममें थोड़ा सा आप हैं और आप सभी में थोड़ा सा हम हैं।"