फिल्म अभिनेता रणवीर शौरी ने ओटीटी प्लेटफॉर्म को अच्छा अवसर देने वाला बताया है। उनका कहना है कि ओटीटी प्लेटफॉर्म के आगमन के साथ ही अच्छे अवसर मिल रहे हैं। रणवीर शौरी हाल ही में सनफ्लावर वेब शो में दिखे हैं। इस वेब सीरीज में उन्होंने इंस्पेक्टर का किरदार निभाया है। फिल्म इंडस्ट्री में रणवीर शौरी को लीग से हटकर करेक्टर निभाने के लिए जाना जाता है।
उन्होंने एक अंग्रेजी वेबसाइट से बातचीत में बताया कि फिल्म इंडस्ट्री में उन्हें ज्यादा काम नहीं मिल रहा है। ओटीटी प्लेटफॉर्म की तारीफ करते हुए रणवीर शौरी ने कहा कि यह प्लेटफॉर्म कलाकार, लेखक, तकनीशियन और दर्शकों के लिए अच्छा है। यहां आपको किसी बड़ी फिल्म, बड़ी शख्सियत, फिल्म व्यवसाय की राजनीति से बाहर होने का कोई डर नहीं है। शौरी ओटीटी प्लेटफॉर्म को ज्यादा लोकतांत्रिक मानते हैं, क्योंकि यहां हर फिल्म को समान स्थान मिलता है, चाहो वो किसी भी पैमाने पर बनी हो।
उनका कहना है कि सीमित संख्या में थिएटर और सीमित संख्या में शो होने के कारण वास्तव में खेल काफी गंदा हो जाता है। लेकिन, ओटीटी प्लेटफॉर्म के साथ ऐसा नहीं है। उनका मानना है कि दर्शकों के लिए फिल्में बड़ी या छोटी जैसी भी हों, देखने के लिए हैं, जहां भी और जब भी देखें। आपको बता दें कि कल यानी कि 18 अगस्त को रणवीर शौरी का जन्मदिन है और वो 49 साल के हो जाएंगे।