अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु ने अपनी अगली वेब सीरीज 'रक्त ब्रम्हांड' की शूटिंग शुरू कर दी है। इस एक्शन-फंतासी सीरीज के निर्देशन की कमान राही अनिल बर्वे ने संभाली है, जो समीक्षकों द्वारा प्रशंसित फिल्म 'तुम्बाड' के लिए जाने जाते हैं। यह शो फिल्म निर्माता जोड़ी राज निदिमोरु और कृष्णा डीके द्वारा बनाया जा रहा है, जो 'द फैमिली मैन' के तीसरे सीजन पर भी काम कर रहे हैं। इसमें आदित्य रॉय कपूर मुख्य भूमिका में नजर आने वाले हैं।
अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु ने स्वास्थ्य कारणों से लंबा ब्रेक लिया था। हालांकि, उन्होंने हाल ही में एक इंस्टाग्राम पोस्ट साझा किया। फोटो में सामंथा का नोटपैड दिखाया गया है, जो एक खूनी मुकुट से सजा है जो नेटफ्लिक्स शो का प्रतिनिधित्व करती है। इसके अलावा, उनकी मेज पर एक पेंसिल, एक बैकपैक, एक कॉफी कप दिखाई दे रहा है। उन्होंने इसके साथ नोट में लिखा, 'सपने देखना कभी बंद नहीं करें। कुछ समय बाद रक्त ब्रह्मांड के सेट पर वापस आकर खुशी हुई।
सेट से एक सूत्र ने मिड-डे को बताया कि 'रक्त ब्रह्माण्ड' एक काल्पनिक साम्राज्य पर आधारित राज-डीके की पहली एक्शन-फंतासी सीरीज है। सूत्र ने कहा, 'यहां तक कि जब वे द फैमिली मैन की शूटिंग कर रहे हैं, तब भी वे रक्त ब्रम्हांड की प्रगति की लगातार निगरानी कर रहे हैं। प्रोडक्शन का विशाल स्तर कुछ ऐसा है जिसका उन्होंने पहले प्रयास नहीं किया है। हमने दो सप्ताह पहले शूटिंग शुरू की थी, और वर्तमान में बोरीवली में बाहुबली स्टूडियो में कुछ विस्तृत एक्शन दृश्यों की शूटिंग कर रहे हैं।'
सूत्र ने कहा कि जल्द ही 10 दिनों का छोटा ब्रेक होगा, जिसके बाद टीम अक्तूबर में फिर से इकट्ठा होगी। उन्होंने बताया कि ज्यादातर शूटिंग फरवरी 2025 तक इसी सेट पर और शहर के अन्य हिस्सों में होगी। सीरीज को रक्त, विश्वासघात और साम्राज्यों की एक महाकाव्य कहानी के रूप में वर्णित किया गया है। इसमें अली फजल और वामिका गब्बी भी हैं।