डिजिटल मनोरंजन की दुनिया में हलचल मचा देने वाली वेब सीरीज ‘स्कैम 1992’ ने सिर्फ इसके निर्देशक हंसल मेहता के करियर में ही चार चांद नहीं लगाएं, बल्कि इस सीरीज में शेयर ब्रोकर हर्षद मेहता का किरदार करने वाले गुजराती अभिनेता प्रतीक गांधी का जीवन भी बदल दिया। प्रतीक गांधी को इन दिनों डिजिटल दुनिया की वेब सीरीज और फिल्में तो धड़ल्ले से मिल ही रही हैं। चर्चित फिल्म व म्यूजिक कंपनी टी सीरीज ने भी उन्हें अपनी अगली फिल्म के लिए साइन किया है।
फिल्म के निर्माताओं में हंसल मेहता भी शामिल हैं, हंसल की एक और फिल्म का एलान भी मंगलवार को ही हुआ है, जिसमें वह करीना कपूर को निर्देशित करने जा रहे हैं। वेब सीरीज ‘स्कैम 1992’ में अपने बेहतरीन प्रदर्शन की छाप छोड़ने के बाद प्रतीक गांधी को टी सीरीज की जो बड़ी फिल्म मिली है, उसका नाम अभी तय होना बाकी है। फिल्म में उनके साथ टी सीरीज के सीएमडी भूषण कुमार की बहन खुशाली कुमार हीरोइन बनी हैं।