सम सामयिक विषयों पर गंगाजल, राजनीति, आरक्षण और सत्याग्रह जैसी फिल्मे बना चुके निर्माता निर्देशक प्रकाश झा अब डिजिटल एंटरटेनमेंट में हाथ आजमाने जा रहे हैं। उनकी पहली वेब सीरीज का नाम है डेरा और इस सीरीज में मशहूर अभिनेता बॉबी देओल एक ऐसे बाबा का किरदार करने जा रहे हैं जिसकी शख्सीयत बहुत कुछ डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख राम रहीम से मिलती है। इस सीरीज के जरिए प्रकाश झा तथाकथित बाबाओं की परदे के पीछे की कहानियों को उजागर करने का इरादा रखते हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बॉबी देओल ने इस वेब सीरीज में राम रहीम से मिलता जुलता किरदार करने के लिए हां कर दी है। बॉबी देओल ने हाल ही में अपनी पहली वेब सीरीज क्लास ऑफ 83 साइन की थी, जिसे शाहरुख खान की कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट बना रही है। रेड चिलीज की पहली वेब सीरीज बार्ड ऑफ ब्लड नेटफ्लिक्स पर रिलीज हो चुकी है। इमरान हाशमी स्टारर इस सीरीज को दर्शकों ने खास पसंद नहीं किया।
बॉबी देओल की डिजिटल एंटरटेनमेंट में ये दूसरी कोशिश होगी, वहीं प्रकाश झा डेरा नाम की इस सीरीज से अपना डिजिटल डेब्यू करने जा रहे हैं। शो के निर्माण से जुड़े लोगों के मुताबिक ये सीरीज एक राजनीतिक व्यंग्य है और इसके लिए काफी कुछ तथ्य जेल में वक्त बिता रहे डेरा सच्चा सौदा के संचालक राम रहीम की निजी जिंदगी से लिए गए हैं। सीरीज के जरिए प्रकाश झा इस बाबा कल्चर को दुनिया के सामने लाना चाहते हैं और लोगों को इस तरह के बाबाओं से सतर्क रहने के लिए संदेश देना चाहते हैं।
सीरीज डेरा में जहां बॉबी देओल का किरदार बहुत कुछ राम रहीम से मिलता जुलता है, वहीं इस सीरीज में मुख्य महिला किरदार अनुप्रिया गोयनका निभाने जा रही हैं। अनुप्रिया इससे पहले फिल्म पद्मावत में दिख चुकी हैं, हाल मे रिलीज हुई सेक्रेड गेम्स सीजन 2 में वह इंस्पेक्टर सरताज सिंह की पत्नी के किरदार में थीं। इसके अलावा कुछ और कलाकारों की कास्टिंग भी इस सीरीज के लिए चल रही है। सीरीज की शूटिंग प्रकाश झा जल्द ही लखनऊ और उसके आसपास के इलाकों में शुरू करने वाले हैं।
पढ़ें: वॉचमैन की गलती से किशोर कुमार के हाथ से निकल गई थी 'आनंद', इसी फिल्म से सुपरस्टार बने थे राजेश खन्ना