हिंदी सिनेमा के सुल्तान यानी सलमान खान की अगली फिल्म की शूटिंग दिवाली के तुरंत बाद गोपाष्टमी को शुरू होने जा रही है। अमर उजाला ने सबसे पहले इस फिल्म की जानकारी देते हुए खुलासा किया था कि सलमान खान फिल्म दबंग 3 के बाद फिर से पुलिस अफसर बनने जा रहे हैं और इस फिल्म का नाम होगा राधे। सूत्रों के मुताबिक फिल्म के नाम से कहीं इसके तेरे नाम का सीक्वेल होने का भ्रम न हो इसके लिए अब फिल्म का पूरा नाम होगा, राधे: इंडियाज मोस्ट वांटेड कॉप।
सलमान खान के अपने कॉप यूनीवर्स की फिल्में काफी मशहूर रही हैं। बतौर हीरो अपनी पहली फिल्म मैंने प्यार के किया के तुरंत बाद सलमान खान अपनी दूसरी ही फिल्म पत्थर के फूल में पुलिस अफसर बने थे। सलमान खान की अंडरकवर कॉप वाली फिल्म वांटेड भी उनके फैंस को बहुत पसंद आई थी। पुलिस अफसर के किरदार वाली उनकी दबंग सीरीज की तीसरी फिल्म इसी साल 20 दिसंबर को रिलीज होने जा रही है।
फिल्म दबंग 3 के निर्देशक प्रभुदेवा के करीबी सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार उन्होंने दबंग 3 के पोस्ट प्रोडक्शन का काम पूरा करने के साथ साथ फिल्म राधे की शूटिंग के लिए भी तैयारी शुरू कर दी है। फिल्म का मुहूर्त शॉट मुंबई में 4 नवंबर को फिल्माया जाएगा और इसी के साथ फिल्म का पहला शेड्यूल भी शुरू हो जाएगा। 4 नवंबर को गोपाष्टमी है और इस दिन फिल्म शुरू करने का बहुत शुभ मुहूर्त निकला है।
जानकारी के मुताबिक फिल्म राधे: द मोस्ट वांटेड कॉप दो साल पहले रिलीज हुई कोरियाई फिल्म द आउट लॉज का आधिकारिक हिंदी रीमेक होगी और इसके लिए राइट्स आदि खरीदने की प्रक्रिया सलमान खान के वकील पूरी कर चुके हैं। फिल्म को पूरी तरह से फिर से भारतीय पृष्ठभूमि में लिखा गया है और इसमें सलमान खान का खास टच देने के लिए फिल्म तेरे नाम और वांटेड के सलमान खान के किरदारों के रंग भी इसमें भरे गए हैं।
सलमान खान इन दिनों बिग बॉस की शूटिंग में व्यस्त हैं। इसकी शूटिंग खत्म करते ही राधे: द मोस्ट वांटेड कॉप की शूटिंग शुरू करने के निर्देश सलमान खान ने फिल्म की यूनिट को दे दिए हैं। प्रभु देवा ने फिल्म की स्क्रिप्ट का जो पहला ड्राफ्ट सलमान खान को सुनाया है, वह उन्हें काफी पसंद आया है। फिल्म राधे: द मोस्ट वांटेड कॉप के निर्माता के तौर पर सलमान ने अपने भाई सोहैल खान को जिम्मेदारी सौंपी है। यह फिल्म अगले साल ईद पर रिलीज होगी।