कोरोना ने भारत में साल 2020 में दस्तक दी थी और अब तक इसका कहर जारी है। पिछले साल जहां इससे लोग संक्रमित हो रहे थे तो इस साल दुगनी रफ्तार से लोग इसकी चपेट में आ रहे हैं। बॉलीवुड के बहुत से सितारे कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। हाल ही में इस लिस्ट में अभिनेत्री पूजा हेगड़े का नाम जुड़ गया है। पूजा ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी।
पूजा हेगड़े ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए लिखा, 'हैलो, आप सभी को ये बताना है कि मैं कोरोना संक्रमित हो गई हूं। सभी दिशा निर्देशों का पालन करते हुए मैंने खुद को होम क्वारंटीन कर लिया है। बीते कुछ वक्त में जो लोग मेरे संपर्क में आए हैं। मैं उन सभी से निवेदन करती हूं कि वो भी अपना कोविड टेस्ट करवा लें।
इसके आगे उन्होंने लिखा, 'आप सभी के प्यार और सपोर्ट के लिए थैंक्यू। मेरा स्वास्थ्य अभी ठीक है। आप सभी कृपया घर पर रहें, सुरक्षित रहें और ध्यान रखें। उनके इस पोस्ट के बाद ट्विटर पर #PoojaHegde ट्रेंड कर रहा है। फैंस उनके जल्द से जल्द ठीक होने की प्रार्थना कर रहे हैं।
बता दें कि कुछ समय पहले गायक से राजनेता बने बाबुल सुप्रियो ने भी अपने कोरोना संक्रमित होने की जानकारी दी थी। उन्हें दूसरी बार कोरोना हो गया। उन्होंने ट्वीटर हैंडल से ट्वीट करते हुए इस बात की जानकारी दी थी। साथ ही उन्होंने बताया था कि उनकी पत्नी की भी कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बता दें कि अभी तक बॉलीवुड के कई सितारे कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। हालांकि बहुत से सितारो ने कोरोना को मात भी दे दी है। ऐसे में सभी सेलेब्स की लोगों से अपील है कि मास्क लगाएं, घर में रहें और खुद को सुरक्षित रखें।