अगले महीने शुरू होने जा रहे इंडस वैली इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के दूसरे संस्करण में भारत समेत बांग्लादेश, नेपाल, श्रीलंका और पाकिस्तान से भी फिल्में स्क्रीनिंग के लिए तैयार हैं। सिर्फ फिल्में ही नहीं, इस फेस्टिवल के दौरान कलाकारों से बातचीत होगी, लोगों के लिए वर्कशॉप्स और मास्टर क्लासेज का आयोजन किया जाएगा, म्यूजिक कॉन्सर्ट होंगे और सबसे अच्छी प्रस्तुति देने वालों को पुरस्कारों से सम्मानित भी किया जाएगा। इस फिल्म महोत्सव की शुरुआत 2 अक्टूबर से होगी और 10 अक्टूबर को इसका समापन होगा।
इस फिल्म महोत्सव में दिखाए जाने के लिए बांग्लादेश से फिल्म 'बिजली' को चुना गया है। यह एक सुपर हीरो फिल्म है। फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान इसकी अभिनेत्री और निर्माता बॉबी से बातचीत भी की जाएगी। नेपाल से पुरस्कार विजेता फिल्म 'अनागत' को चुना गया है। स्क्रीनिंग के मौके पर इस फिल्म के निर्देशक समतेन (Samten) भूटिया मौजूद होंगे। श्रीलंका से इस महोत्सव में स्क्रीनिंग के लिए विसाकेसा चंद्रशेकरम (Visakesa Chandrasekaram) की फिल्म 'पांगशु (Paangshu)' और सुजीवा प्रियल यड्ढेकीगे (Sujjeewa Priyal Yaddekige) की फिल्म 'सुपर्णा' को चुना गया है।