मशहूर स्टैंडअप कॉमेडियन कपिल शर्मा पिछले कुछ समय से चर्चा में बने हुए हैं। हाल ही में उनके शिकायत के आधार पर दर्ज धोखाधड़ी के मामले में मुंबई पुलिस ने कार डिजाइनर दिलीप छाबड़िया के बेटे बोनिटो छाबड़िया को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि बोनिटो को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। बता दें कि बोनिटो छाबड़िया ने कपिल को करोड़ों का चूना लगाया था।
क्या है मामला?
पुलिस ने बताया कि कपिल शर्मा ने पिछले साल मुंबई में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करवाई थी। उन्होंने कार डिजाइनर दिलीप छाबड़िया के बेटे पर उनसे 5.3 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की आरोप लगाया था। कपिल ने पुलिस को बताया था कि उन्होंने अपने लिए एक वैनिटी बस को डिजाइन करने के लिए मार्च और मई 2017 के बीच छाबड़िया को पांच करोड़ रुपये दिए थे लेकिन 2019 तक कोई काम नहीं किया गया। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय कंपनी विधि अधिकरण से संपर्क किया।
वहीं छाबड़िया ने वैनिटी बस के पार्किंग चार्ज के रूप में पिछले साल कॉमेडियन को 1.20 करोड़ रुपये का बिल भेजा था। इसके बाद कपिल ने पुलिस में उसके खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद बोनिटो को पूछताछ के लिए बुलाया गया और फिर अपराध शाखा ने उसे गिरफ्तार कर लिया।