मिथुन दा जल्द ही आपको कुर्ते-पायजामे वाले गेटअप में एक नेता के रूप में दिखने वाले हैं। यह उनकी किसी आने वाली फिल्म का रोल नहीं बल्कि ऐसा रियल लाइफ में होने जा रहा है। जल्द ही लोग उन्हें राज्यसभा के सांसद के रूप में देखेंगे। मिथुन चक्रवर्ती को तृणमूल कांग्रेस की ओर से नामित किया जाएगा।
काफी लंबे समय से इस बात की सुगबुगाहट थी अब इस बात की औपचारिक पुष्टि मिथुन चक्रवर्ती से जुड़े लोगों ने कर दी है। जब भी राज्यसभा का चुनाव होगा मिथुन इसमें प्रत्याशी के रूप में नजर आएंगे। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि मिथुन राजनीति की अपनी पारी को कैसे संभालते और संवारते हैं।
फिल्मी सितारों का राज्यसभा के लिए चुना जाना कोई नई बात नहीं है। शत्रुघन सिन्हा, हेमा मालिनी, जया बच्चन, धर्मेन्द्र, विनोद खन्ना, दारा सिंह, राजेश खन्ना, सुनील दत्त और रेखा बॉलीवुड से राजीनीति तक का यह सफर तय कर चुकी हैं।
इसमें से कुछ नेता अपना कार्यकाल खत्म होने के बाद फिर से बॉलीवुड में लौट जाते हैं तो कुछ को राजनीति ही रास आ जाती है। देखते हैं कि मिथुन के चाहने वालों को उनकी यह भूमिका कितनी पसंद आती है।