बॉलीवुड अभिनेत्री लारा दत्ता की बेटी सायरा भूपति गुरुवार को 10 साल की हो गई हैं। बेटी के बर्थडे के मौके पर एक्ट्रेस लारा दत्ता ने उनके साथ अपनी एक खूबसूरत तस्वीर साझा की है और उनके लिए एक प्यारा सा नोट भी लिखा है। अभिनेत्री लारा दत्ता ने बेटी सायरा के साथ दो फोटो साझा की जिसके कैप्शन में उन्होंने लिखा है, "और बस ऐसे ही.. मेरी खूबसूरत, मजाकिया, दयालु छोटी बच्ची 10 साल की हो गई। मेरी जिंदगी का सबसे बड़ा आशीर्वाद।'' इसके साथ ही उन्होंने पति महेश भूपति को भी इस पोस्ट में टैग किया है।
उनकी इस पोस्ट को अब तक 10 हजार से ज्यादा लोग लाइक कर चुके हैं और उनकी प्यारी सी बेटी को यूजर्स बर्थडे विश करने के साथ ही अपना आशीर्वाद भी दे रहे हैं। लारा दत्ता ने जो पहली तस्वीर पोस्ट की है, वह पुरानी तस्वीर है, दूसरी तस्वीर नई है। दोनों ही तस्वीरों में मां-बेटी कैमरे की तरफ देखकर मुस्कुरा रही हैं। उनकी इस पोस्ट पर अभिनेत्री हुमा कुरैशी ने भी कमेंट किया और लिखा “हैप्पी- हैप्पी बर्थडे बेबी सायरा।” इसके अलावा, अभिनेत्री कृतिका कामरा ने भी सायरा को विश करते हुए लिखा, "हैप्पी बर्थडे सायरा।" अभिनेत्री टिस्का चोपड़ा ने भी कमेंट करते हुए लारा दत्ता की बेटी को जन्मदिन की बधाई दी है।
ज्यादातर यूजर लारा दत्ता की बेटी को दिल वाला इमोजी बनाकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दे रहे हैं। गौरतलब है कि अभिनेत्री लारा दत्ता सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। वह अक्सर अपनी तस्वीरों और वीडियोज को इंस्टाग्राम के जरिए फैंस के लिए साझा करती रहती हैं। इससे पहले लारा ने इंस्टाग्राम पर सायरा और उनके पति महेश भूपति की तस्वीरों को भी साझा किया था। जिनको उनके फैंस ने खूब प्यार दिया था।लारा दत्ता और पूर्व टेनिस खिलाड़ी महेश भूपति ने 16 फरवरी 2011 को मुंबई के बांद्रा में शादी की थी। उनकी बेटी सायरा साल 2012 में पैदा हुई थी। साल 2000 में लारा दत्ता मिस यूनिवर्स बनी थीं। उन्होंने कई बेहतरी फिल्मों में काम किया है, जिनमें भागम भाग, काल, पार्टनर और चलो दिल्ली आदि है।