अभिनेता अमन वर्मा की मां का 79 की उम्र में निधन हो गया है। उनकी मां का निधन 18 अप्रैल को हुआ। एक्टर ने सोशल मीडिया पर इस बात की जानकारी दी है। अमन वर्मा ने अपनी मां के लिए एक भावुक पोस्ट लिखा है।
अभिनेता अमन वर्मा ने मां की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, 'जिंदगी एक सर्कल में आती है। भारी दिल के साथ सभी को ये बताना चाहता हूं कि मेरा मां कैलाश वर्मा हमें छोड़कर चली गई हैं। प्लीज उन्हें प्रार्थनाओं में रखिए। कोविड सिचुएशन को देखते हुए फोन और मैसेज से ही संवेदना व्यक्त करिए।' अमन की इस पोस्ट पर कई सितारों ने दुख प्रकट किया है। विंदू दारा सिंह, डेलनाज इरानी, जसवीर कौर, शिवानी गोसाईं, श्वेता गुलाटी जैसे कई सितारों ने कमेंट करते हुए दुख जाहिर किया है।
अभिनेता अमन वर्मा के वर्क फ्रंट की बात करें तो वो कई मशहूर धारावाहिकों में नजर आ चुके हैं। उन्होंने शांति, सीआईडी, क्योंकि सास भी कभी बहूं थी, कुमकुम, विरासत, सुजाता जैसे शोज में काम किया है। उन्होंने शो खुलजा सिम सिम, इंडियन आइडल, इंडियाज बेस्ट सिनेस्टार्स की खोज जैसे शोज होस्ट भी किए हैं।
अभिनेता ने बागबान, अंदाज, कोई है, संघर्ष, जानी दुश्मन, लम्हा, देश द्रोही, तीस मार खां, दाल में कुछ काला है जैसी कई फिल्मों में भी काम किया है। दर्शकों ने उनके अभिनय को काफी पसंद किया है।