पिछले दो साल से शादी की तैयारियां कर रहीं अभिनेत्री दीया मिर्जा कि जिंदगी की अहम तारीख अंततः तय हो गई है। लंबे समय से वह अपने प्रेमी साहिल संघा के साथ हैं और इस बीच उनकी प्रोफेनशल और प्रर्सनल लाइफ में बहुत उतार-चढ़ाव आए हैं। उनके परिवार में होने वाली घटनाओं के कारण एक तो शादी पर आखिरी मुहर नहीं लग पा रही थी और उसके बाद ये दोनों फिल्म ‘बॉबी जासूस’ के निर्माण में लग गए थे।
इनके निर्माण में बनी है फिल्म
बॉबी जासूस का निर्माण इन दोनों ने मिलकर किया था। फिल्म चार जुलाई को रिलीज होने जा रही है और इसके बाद दोनों फ्री हो जाएंगे। इन दिनों फिल्म के प्रमोशन में लगी दीया ने घोषणा कर दी है कि हमने अक्तूबर में शादी करने का फैसला किया है। उनका कहना है कि सात फेरे किस दिन लेना है यह तारीख भी तय हो चुकी है, परंतु इसकी घोषणा समय आने पर ही की जाएगी। दीया के अनुसार, ‘बॉबी जासूस की रिलीज के बाद इससे पहले कि साहिल नई फिल्म में जुट जाएं हम शादी कर लेंगे।’
गुपचुप कर ली थी सगाई
इस साल दीया ने साहिल के साथ गुपचुप सगाई की थी। अप्रैल में जब दोनों अमेरिका में एक कार्यक्रम में गए हुए थे अचानक साहिल ने एक ब्रिज पर घूमते हुए दीया के सामने शादी का प्रस्ताव रख दिया था। दोनों पिछले पांच साल से एक-दूसरे को जानते हैं। सूत्रों के अनुसार इन दिनों जबकि ये दोनों फिल्म के प्रमोशन में बिजी हैं, उनके परिवारवाले शादी की तैयारियों को अंजाम देने में लगे हुए हैं।
दीया अपनी शादी में डिजाइनर पंजाबी लहंगा-चोली पहनेंगी, जिसे रितु कुमार तैयार कर रही हैं। बताया जा रहा है कि यह शादी पूरी तरह से पंजाबी रीति-रिवाजों से होगी। दीया के अनुसार पूरा कार्यक्रम और सारी रस्में दिल्ली में होंगी क्योंकि वहीं पर साहिल का परिवार, रिश्तेदार और नजदीकी मित्र रहते हैं।