लेखक, निर्देशक नंदिता दास कहती हैं, 'इस फिल्म में वही दिखाने की कोशिश की गई है कि आम लोगों की नजरों में क्या छिपा है। एक दिन मेरी स्क्रीन पर कपिल शर्मा अचानक से उभरकर सामने आ गए। मैंने उनका शो नहीं देखा है लेकिन मैं उन्हें पूरी तरह से 'आम आदमी' की नुमाइंदगी करते हुए देख सकती थी। मुझे यकीन है कि वह अपनी स्वाभाविक बेबाकी से खुद के साथ बाकी सभी को भी हैरान कर देंगे।'
कपिल शर्मा इसके पहले भी एक फिल्म ‘किस किस को किस करूं’ में फिल्मी हीरो बनने की कोशिश कर चुके हैं। अपनी इस नई फिल्म की चर्चा चलने पर वह कहते हैं, "मैं बहुत उत्साहित हूं। इसलिए नहीं कि मैं एक फिल्म कर रहा हूं बल्कि इसलिए कि मैं नंदिता दास की फिल्म कर रहा हूं। उन्हें मैंने एक एक्टर और एक डायरेक्टर दोनों रूप में देखा है। उनके पास चीजों को देखने का एक बहुत ही अलग और गहरा नजरिया है। इसलिए एक एक्टर के रूप में मेरा काम सिर्फ वही करना है जो वह मुझसे कहती हैं। मुझे खुशी है कि इस फिल्म में दर्शकों को मेरा एक नया रूप देखने को मिलेगा।”
फिल्म में कपिल शर्मा की पत्नी का किरदार करने जा रहीं अभिनेत्री शहाना गोस्वामी कहती हैं, "फिल्म ‘फिराक’ के बाद मैं फिर से नंदिता दास के साथ काम करने के लिए बेहद उत्साहित हूं और कपिल के साथ काम करने का तो रोमांच ही अलग है। मुझे पता है वह इस किरदार में एक निश्चित सहजता लाएंगे।"