इंटरनेशनल पॉप सिंगर दुआ लीपा इन दिनों भारत में छुट्टियां मनाने के लिए आई हुई हैं। गायिका अपने परिवार के साथ भारत में छुट्टियां मनाने के लिए आई हैं, जहां वे खूब मस्ती करती हुई नजर आ रही हैं। बीते दिनों पॉप सिंगर राजस्थान में थीं। वहीं, अब गायिका दिल्ली में बंगला साहिब गुरुद्वारे माथा टेकने पहुंची थीं, जहां से उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। जानी-मानी गायिका होने के बाद भी दुआ लीपा भारत में स्वतंत्र घूम रही हैं, उन्हें यहां कोई पहचान नहीं रहा है। इसे लेकर उन्हें सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल भी किया जा रहा है।
बंगला साहिब में टेका माथा
दुआ लीपा भारत क्रिसमस और न्यू ईयर मनाने के लिए आई हैं। पॉप सिंगर ने पहले राजस्थान का दौरा किया और फिर दिल्ली में हुमायूं के मकबरा और बंगला साहिब माथा टेकने के लिए पहुंचीं। दुआ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसमें वह नीली जींस और काली टी-शर्ट पहने राजस्थान की सड़कों पर टहलते हुए दिख रही हैं। दिलचस्प बात यह है कि पॉप सिंगर को स्थानीय लोग पहचान नहीं रहे हैं, जिसे देखकर सोशल मीडिया यूजर्स दुआ को ट्रोल कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: Year Ender 2023: मनोज बाजपेयी ने जीता साल 2023 के हीरो नंबर वन का खिताब, टॉप 10 में शामिल रहे ये बाकी सितारे
यूजर्स ने किया ट्रोल
एक यूजर ने लिखा, 'उदयपुर में विदेशियों का घूमना बहुत आम है, इसलिए कोई बड़ी बात नहीं है और जाहिर तौर पर स्थानीय लोगों को दुआ लीपा के बारे में पता नहीं होगा।' वहीं, दूसरे ने कहा, 'एक दिन में 5000 गोरे आते हैं राजस्थान, ये भी कोई ऐसी ही होगी।' एक और ने कहा, 'दुआ लीपा को स्वतंत्र रूप से घूमने दो, यहां उन्हें कोई नहीं जानता है।' वहीं, एक अन्य ने कहा, 'वह कितनी शांति से अपनी छुट्टियों का आनंद ले रही हैं, कोई भारतीय सेलिब्रिटी होता, तो उसका निकलना मुश्किल हो जाता।'
पहले भी भारत दौरा कर चुकी हैं दुआ
बीते दिन दुआ लीपा ने अपने परिवार के साथ दिल्ली दौरे की कुछ तस्वीरें फैंस के साथ साझा की थीं। दुआ ने अपने पिता डुकागजिन लीपा की सैर की कई तस्वीरें साझा कीं, जिसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, 'भारतीय यात्रा नई दिल्ली से शुरू होती है।' उन्होंने हुमायूं के मकबरे और बंगला साहिब की भी तस्वीरें साझा की थीं। बता दें कि दुआ लीपा पहली बार भारत नहीं आई हैं, इससे पहले भी वे नवंबर 2019 में मुंबई में आयोजित एक संगीत समारोह में भाग लेने आई थीं। पॉप सिंगर दुआ लीपा ने तब भी कई स्थानों का दौरा किया था।
यह भी पढ़ें: Dia Mirza: पति और बेटे के साथ जंगल सफारी का आनंद लेती दिखीं दीया मिर्जा, तस्वीर साझा कर दिखाई झलक