ऋतिक रोशन, दीपिका पादुकोण और अनिल कपूर अभिनीत फिल्म 'फाइटर' का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है। ये फिल्म तो अगले साल रिलीज होगी। मगर, फिलहाल इसे लेकर एक बेहद दिलचस्प जानकारी सामने आई है, जो फैंस का उत्साह कई गुना बढ़ा देगी। दर्शकों को इस फिल्म के टीजर और ट्रेलर का इंतजार है। आज इसके टीजर की रिलीज डेट का एलान कर दिया गया है।
सिद्धार्थ आनंद से साझा की जानकारी
सिद्धार्थ आनंद द्वारा निर्देशित 'फाइटर' अगले साल की बहु प्रतीक्षित फिल्मों में शामिल है। आज सिद्धार्थ आनंद ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से फिल्म के टीजर को लेकर जानकारी साझा की है। उन्होंने एक क्रिप्टिक रेडियोग्राम मैसेज जारी किया है और इसके साथ कैप्शन में लिखा है, 'लॉक्ड, लोडेड, रेडी टू ड्रॉप...'! इसके साथ बताया गया है कि 'फाइटल' का टीजर कल यानी शुक्रवार को रिलीज होगा।
कल इतने बजे होगा धमाका!
बताया जा रहा है कि 'फाइटर' का टीजर कल सवेरे 11 बजे जारी होगा। टीजर की अवधि एक मिनट 10 सेकंड होने की उम्मीद है। यह फिल्म 25 जनवरी 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। टीजर में दर्शकों को फाइटर और उसके किरदारों पैटी (ऋतिक रोशन), मिन्नी (दीपिका पादुकोण) और रॉकी (अनिल कपूर) की दुनिया की झलक देखने को मिल सकती है।
ऋतिक सिद्धार्थ की साथ में तीसरी फिल्म
बता दें कि सिद्धार्थ आनंद और ऋतिक रोशन इससे पहले बैंग बैंग और वॉर जैसी शानदार फिल्में साथ में कर चुके हैं। फाइटर दोनों की साथ में तीसरी फिल्म है। कहा जा रहा है कि यह भारत की पहली हवाई एक्शन फ्रेंचाइजी है। दिलचस्प बात ये है कि इस साल 25 जनवरी को सिद्धार्थ आनंद द्वारा निर्देशित फिल्म 'पठान' ने सफलता का परचम लहरा दिया। अब ठीक एक साल बाद 'फाइटर' से भी दर्शकों की वैसी उम्मीद बंधी हैं।