सुपरस्टार ऋतिक रोशन और दीपिका पादुकोण स्टारर 'फाइटर' बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक है। दर्शक बेसब्री से एक्शन फिल्म का इंतजार कर रहे हैं। इस फिल्म में पहली बार ऋतिक रोशन और दीपिका पादुकोण ने एक साथ अभिनय किया है। दर्शकों दोनों की केमिस्ट्री को बड़े पर्दे पर देखने के लिए काफी ज्यादा उत्सुकता है। हाल ही में निर्माताओं ने 'फाइटर' के पहले गाने का टीजर जारी कर दिया है, जिसमें दीपिका और ऋतिक के डांस की झलक दिखाई है।
'शेर खुल गए' पर थिरकते दिखें दीपिका-ऋतिक
'फाइटर' के पहले गाने के टीजर की शुरुआत एक पार्टी ट्रैक के साथ होती है। 'शेर खुल गए' गाने के इस दस सेकंड के वीडियो में ऋतिक और दीपिका के डांस की झलक दिखाई गई है। टीजर में ऋतिक रोशन ब्लैक पैंट और ब्लेजर पहने पार्टी बीट्स पर थिरकते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में फिर दीपिका पादुकोण की झलक दिखाई जाती है, जिसमें वे शॉर्ट ब्लैक आउटफिट और जूते पहने हुए ताली बजाती दिखती हैं।
यह भी पढ़ें: Kabhi Khushi Kabhie Gham: कभी खुशी कभी गम को 22 साल पूरे, काजोल ने पोस्ट साझा कर सेट से जुड़ी यादें कीं ताजा
'फाइटर' का पहला गाना कल होगा रिलीज
अभिनेता ने 'शेर खुल गए' गाने के टीजर को साझा करते हुए लिखा, 'आइए इस पार्टी की शुरुआत करें, फाइटर का पहला गाना शेर खुल गये गाना कल रिलीज होगा।' बता दें कि इस गाने को विशाल और शेखर ने लिखा है। वहीं, फाइटर के इस गाने को बेनी दयाल और शिल्पा राव की जोड़ी ने आवाज दी है।
इस दिन सिनेमाघरों में देगी दस्तक
निर्देशक सिद्धार्थ आनंद 'फाइटर' से पहले 'वॉर' और 'पठान' जैसी सफल एक्शन फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। 'फाइटर' का निर्माण वायकॉम 18 स्टूडियोज और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स द्वारा किया गया है। 'फाइटर' में ऋतिक, अनिल, दीपिका के अलावा सहायक भूमिकाओं में करण सिंह ग्रोवर, अक्षय ओबेरॉय, संजीदा शेख, तलत अजीज नजर आने वाले हैं। ऋतिक रोशन और दीपिका पादुकोण अभिनीत यह फिल्म 25 जनवरी 2024 को भारत के 75 वें गणतंत्र दिवस पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
यह भी पढ़ें: No More Tears: सलमान की पूर्व प्रेमिका का शानदार मिशन, ‘बस, अब आंसू नहीं’ की कामयाबी देख आप भावुक हो उठेंगे