पारा जैसे जैसे उत्तर प्रदेश में नीचे आ रहा है, यहां मुंबई के फिल्मकार फिर एक बार उत्तर प्रदेश का रुख करने लगे हैं। बीच में कोरोना महामारी के बढ़ते केसों से भी उत्तर प्रदेश पहुंचने वाले फिल्मकारों की संख्या घटी थी लेकिन वहां तेजी से हुए टीकाकरण और कोरोना संक्रमित लोगों की पहचान और इलाज करने की मुंबई पहुंच रही खबरों ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री का भरोसा फिर से उत्तर प्रदेश पर कायम कर दिया है। अपनी अगली फिल्म ‘डॉक्टर जी’ की शूटिंग के लिए आयुष्मान खुराना के प्रयागराज पहुंचने के बाद वेब सीरीज ‘स्कैम 1992’ से स्टार बने अभिनेता प्रतीक गांधी भी बुधवार को उत्तर प्रदेश के दूसरे सिरे झांसी पहुंच गए। झांसी में वह अपनी अगली फीचर फिल्म की शूटिंग करने पहुंचे हैं।
वेब सीरीज ‘स्कैम 1992’ बनाने वाले फिल्मकार हंसल मेहता ने हाल ही में प्रतीक गांधी को लेकर एक फिल्म का एलान किया था। बुधवार को फिल्म का पहला पोस्ट सामने आने के साथ ही ये भी खुलासा हुआ कि इस फिल्म का नाम ‘डेढ़ बीघा जमीन’ है। 1953 में रिलीज हुई बिमल रॉय की फिल्म ‘दो बीघा जमीन’ से प्रेरित दिखती हंसल मेहता की ये फिल्म भी एक आम इंसान की उस हक के लिए लड़ाई की कहानी कहती है, जिसे वह अपना समझता है। ऋषिकेश मुखर्जी की लिखी फिल्म ‘दो बीघा जमीन’ में अभिनेता बलराज साहनी ने अपने करियर का बेजोड़ अभिनय किया था। बीघा उत्तर प्रदेश में कृषि भूमि की नाप जोख की परंपरागत इकाई है।