हर एक फ्रेंड जरूरी होता है। कितना जरूरी ये बताया नहीं जा सकता। आज फ्रेंडशिप डे है। एक ऐसा दिन, जिस दिन हम अपने सबसे अच्छे दोस्त को याद करते हैं और उसे अहसास दिलाने की कोशिश करते हैं कि उसकी हमारी जिंदगी में क्या अहमियत है। बॉलीवुड ने भी अपनी फिल्मों के जरिए दोस्ती के महत्व को बताने की कोशिश की है। इस विषय पर न जानें कितनी फिल्में बनी हैं, न जानें कितने गानें आपकी दोस्ती पर फिल्माए गए हैं, जो सुपर-डुपर हिट भी रहे हैं। हमारी जिंदगी में फिल्में हमें बहुत इंस्पायर करती हैं। शाहरुख के जरिए करोड़ों फैंस ये जान पाए कि प्यार ही दोस्ती है। भारत में फ्रेंडशिप डे और फ्रेंडशिप बैंड को सबसे ज्यादा पॉपुलर इस फिल्म ने किया। आइए जानते हैं कैसे बॉलीवुड ने हमें दोस्ती का मतलब सिखाया।
बॉलीवुड में दोस्ती, यारी के सही मायने समझाने वाले कई गाने रिलीज हुए, जिनमें दोस्त पर मर-मिटने की कसमें खाने से लेकर दोस्त को गाली देने तक सभी फॉर्मूले शामिल थे। अमिताभ बच्चन की साल 1981 में आई फिल्म 'याराना' का गाना 'तेरे जैसा यार कहां, कहां ऐसा याराना' दोस्ती की अलग ही मिसाल देता है। राजेश रोशन के संगीत से सजा ये गाना यूट्यूब पर आज भी दोस्ती के दिन सबसे ज्यादा सुना जाता है। वहीं साल 1975 में आई फिल्म 'शोले' का गाना 'ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेगे' से जय-वीरू की जोड़ी दोस्ती हर गली, मोहल्ले के दोस्तों की पहचान बनी। वहीं साल 2013 में आई फिल्म चश्मेबद्दूर का गाना 'हर एक फ्रेंड कमीना होता है' उन सभी दोस्तों के लिए डेडिकेटेड था, जो एक-दूसरे के बिना रह नहीं सकते। किशोर कुमार और मोहम्मद रफी की आवाज में 'बने चाहे दुश्मन जमाना हमारा' काफी मजबूत फ्रेंडशिप गोल्स देता है।
वैसे तो बॉलीवुड एक्ट्रेस हमेशा चर्चा में बनी रहती है लेकिन कुछ कजिन और रियल बहनों की जोड़ी ऐसी भी है जो बेस्ट फ्रैंड्स की तरह रहती है।
कंगना रनौत और रंगोली- कंगना रनौत और उनकी बहन रंगोली चंदेल इन दिनों सबसे ज्यादा चर्चा में रहती हैं। बॉलीवुड गैंग के खिलाफ कुछ कहना हो या फिर कंगना को सरप्राइज देना हो रंगोली हर एक कदम पर अपनी बहन के साथ खड़ी दिखाई देती हैं।
करीना और करिश्मा कपूर- दोनों बहने कम दोस्त ज्यादा लगती है। कहीं जाना हो तो एक-साथ दिखाई देती हैं। करिश्मा ने अपनी बहन को काफी सपोर्ट दिया है।
मलाइका अरोड़ा और अमृता अरोड़ा- दोनों एक दूसरे के साथ अक्सर स्पॉट होती रहती हैं। इन दोनों की बॉन्डिग कमाल की होती है, जिस वजह से वह अक्सर सुर्खियों में बनी रहती हैं।
जहां एक तरफ दोस्ती को खास अहमियत दी जाने वाली फिल्में लोग पसंद करते हैं तो वहीं दोस्ती पर कहे गए डायलॉग्स भी खूब पॉपुलर होते हैं। फिल्मों के कई डायलॉग्स तो आइकॉनिक बन गए हैं।
'प्यार का पहला कदम दोस्ती है और आखिरी भी'- कल हो ना हो
'दो दोस्त एक कप में चाय पिएंगे, इससे दोस्ती बढ़ती है'- अंदाज अपना अपना
'दोस्ती का एक उसूल है मैडम...नो सॉरी नो थैंक्यू' - मैंने प्यार किया
'प्यार दोस्ती है, अगर वो मेरी सबसे अच्छी दोस्त नहीं बन सकती, तो मैं उससे कभी प्यार ही नहीं कर सकता'- कुछ कुछ होता है
सलमान खान: पापा हमारे दोस्त जैसे हैं
सलमान खान कहते हैं बचपन से लेकर अब तक सब कुछ वैसा ही है, जब हम बच्चे थे तो पापा के साथ ज्यादा वक्त बिताने का मौका नहीं मिला। अब वक्त बदला है मॉडर्न हुआ है, वो प्यार अब भी वैसा है, अब वो हमारे दोस्त जैसे हैं, मजाक करते हैं, उनके जो दोस्त हैं वो हमारे दोस्त हैं, मेरे दोस्त उनके दोस्त हैं।
आलिया भट्ट: पापा के साथ है स्पेशल बॉन्ड
आलिया पापा महेश भट्ट के साथ स्पेशल बॉन्ड शेयर करती हैं। एक चैट शो में एक्ट्रेस ने बताया था कि उनके बचपन के दिनों में महेश भट्ट अपने काम में बहुत बिजी होते थे तो वो बहुत कम घर आते थे। जब मैंने फिल्मों में एंट्री ली तब हमारे बीच फ्रेंडशिप शुरू हुई।
करीना और करिश्मा कपूर- मां की पूजा करती हूं: करीना कपूर खान और करिश्मा कपूर अपनी मां बबीता के बहुत करीब हैं। एक पुराने इंटरव्यू में करीना कपूर ने कहा था- वह अपनी मां की पूजा करती हैं, वह उनके लिए भगवान की तरह हैं।