अमरन से होगी लकी भास्कर की टक्कर
अब यह साफ हो चुका है कि पवन कल्याण की फिल्म 'ओजी' 27 सितंबर को नहीं आ रही है और इसलिए उस तारीख पर अब दुलकर सलमान की फिल्म का कब्जा है। मूल रूप से तेलुगु में शूट की गई यह फिल्म बहुभाषी रिलीज होगी। हालांकि, अब एक नई चर्चा शुरू हो गई है। भले ही पवन कल्याण की फिल्म से दुलकर की फिल्म की टक्कर न हो, लेकिन शिवकार्तिकेयन की बहुप्रतीक्षित देशभक्ति फिल्म 'अमरन' से कड़ी टक्कर मिल सकती है। कॉलीवुड फिल्म जगत में चर्चा है कि शिवकार्तिकेयन की 'अमरन' अलग-अलग भाषाओं में उसी तारीख यानी 27 सितंबर को रिलीज हो रही है। हालांकि, रिलीज की तारीख के बारे में आधिकारिक घोषणा जल्द ही होने की उम्मीद है।
मेजर मुकुंद वरदराजन की बायोपिक है 'अमरन'
'अमरन' 2014 में जम्मू कश्मीर के शोपियां में एक आतंकवादी रोधी अभियान में शहीद हुए मेजर मुकुंद वरदराजन की बायोपिक है। उन्हें मरणोपरांत अशोक चक्र से सम्मानित किया गया था। 'अमरन' में शिवकार्तिकेयन एक भारतीय सेना राष्ट्रीय राइफल्स अधिकारी यानी मेजर मुकुंद वरदराजन की भूमिका में हैं। यह एक्शन ड्रामा देशभक्ति पर आधारित फिल्म है। फिल्म में अधिकारी कश्मीर के लिए लड़ते नजर आएंगे। 'अमरन' का संगीत जीवी प्रकाश ने दिया है। वहीं, छायांकन सीएच साई ने किया है। यह फिल्म 2017 की फिल्म 'रंगून' के लिए जाने जाने वाले राजकुमार पेरियासामी द्वारा निर्देशित है। साथ ही फिल्म की कहानी भी उन्होंने ही लिखी है। फिल्म में साई पल्लवी भी मुख्य भूमिका में होंगी।
लकी भास्कर की कहानी
वहीं बात करें दुलकर सलमान की 'लकी भास्कर' की तो फिल्म में बॉम्बे के मगाडा बैंक में एक कैशियर के रूप में दुलकर नजर आऐंगे। जो फिल्म में एक काल्पनिक मगध बैंक में काम करते हैं। वे रोज-रोज जागने, कपड़े पहनने, ट्रैफिक से बचने और कभी-कभी बैंक में जाकर केवल सिर हिलाने से थक चुके हैं, लेकिन एक दिन उनके पास अचानक बहुत पैसा आ जाता है। मीनाक्षी चौधरी भी फिल्म में मुख्य भूमिका में हैं और नागा वामसी इसे निर्मित कर रहे हैं।