काफी लंबे समय से ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर सेंसर बोर्ड जैसी कोई पाबंदी नहीं थी। हालांकि, इस साल की शुरुआत में चीजें बदल गईं जब सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने सूचना प्रौद्योगिकी (मध्यस्थों और डिजिटल मीडिया आचार संहिता के लिए दिशानिर्देश) नियम 2021 तैयार किए। इसके तहत, भारत के ऑनलाइन स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स को दर्शकों की शिकायतों और मुद्दों को दूर करने के लिए एक तंत्र स्थापित करने के लिए कहा गया था।
इस नियम को लागू हुए कुछ महीने ही हुए हैं और इस हफ्ते नेटफ्लिक्स इंडिया को पहली शिकायत मिली। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नेटफ्लिक्स इंडिया को साल 2020 की एक शॉर्ट ड्रामा फिल्म घोस्ट स्टोरीज में अनुराग कश्यप के खिलाफ शिकायत मिली है। शिकायतकर्ता ने फिल्म के एक दृश्य पर आपत्ति जताई है। जिसमें 'मेड इन हेवन' फेम अभिनेत्री शोभिता धूलिपाला का किरदार गर्भपात से पीड़ित होने के बाद भ्रूण खा जाता है। शिकायत में कहा गया है, 'कहानी के लिए इस दृश्य की आवश्यकता नहीं है, और फिर भी निर्माता इस तरह के दृश्य को जोड़ना चाहते हैं, तो उन महिलाओं के लिए एक चेतावनी होनी चाहिए थी जो गर्भपात के आघात से गुजर चुकी हैं।'
रिपोर्ट के अनुसार, 24 घंटे के भीतर शिकायत को दर्ज कर जल्द से जल्द इसका समाधान करना होगा। अभी शिकायत नेटफ्लिक्स के शिकायत निवारण अधिकारी (जीआरओ) के पास दर्ज है। नेटफ्लिक्स के एक प्रवक्ता ने सूचित किया, 'चूंकि यह एक पार्टनर-प्रबंधित प्रोडक्शन (आरएसवीपी मूवीज और फ्लाइंग यूनिकॉर्न एंटरटेनमेंट) था, इसलिए हम शिकायत साझा करने के लिए प्रोडक्शन कंपनी के पास भी जाएंगे।'