बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान के ड्रग्स मामले में नाम सामने आने के बाद फिल्म इंडस्ट्री सन्न है। आर्यन खान और उनके साथ के 7 आरोपियों की जमानत याचिका पर मुंबई के किला कोर्ट में सुनवाई जारी है। एनसीबी 11 अक्तूबर तक आर्यन खान की कस्टडी चाहती है। वहीं, इस मामले में बॉलीवुड से आने वाली विभिन्न तरह की प्रतिक्रियाओं में एक प्रतिक्रिया कॉमेडियन राजपाल यादव की भी शामिल है। लोकप्रिय कॉमेडियन और फिल्म अभिनेता राजपाल यादव का कहना है कि ईश्वर सबको सद्बुद्धि दे।
उन्होंने कहा कि आर्यन खान के ड्रग्स मामले में नाम आने और गिरफ्तारी की खबर उनके लिए भी हैरान करने वाली है। राजपाल यादव ने कहा, सभी अच्छी राह पर आएं। ईश्वर सबको सही दिशा में ले चले, मैं ये ही दुआ करता हूं। उन्होंने कहा, हम खुद अपने बच्चों के भविष्य के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। बच्चे भविष्य के कर्णधार हैं। सबको सही राह मिलनी चाहिए। मैं बस ये ही दुआ करता हूं। राजपाल यादव ने अप्रत्यक्ष तौर पर आर्यन खान को सही राह पर चलने की सलाह दी है।