सुपरहिट फिल्म बाहुबली के निर्देशक एसएस राजामौली आज अपना 48वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर उनके फैंस और कई सेलेब्स सोशल मीडिया के जरिए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दे रहे हैं। इसी बीच अब साउथ इंडस्ट्री के अभिनेता राम चरण ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट के जरिए राजामौली के साथ अपनी तस्वीरें शेयर कर उन्हें खास अंदाज में जन्मदिन की शुभकामनाएं दी।
एक्टर राम चरण ने निर्देशक राजामौली के साथ अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए ट्विटर पर एक पोस्ट शेयर किया है। अभिनेता ने ट्वीट किया ‘कि मैं कई तरह से देखता हूं और उनकी सादगी के माध्यम से उनके द्वारा दर्शाई गई ताकत की प्रशंसा करता हूं। हैप्पी बर्थडे।’
राम चरण जल्द ही एसएस राजामौली के निर्देशन में बनी बहुप्रतीक्षित फिल्म आरआरआर में नजर आने वाले हैं। आरआरआर एक पीरियड ड्रामा फिल्म है, जो दो तेलुगु स्वतंत्रता सेनानियों अल्लूरी सीता राम राजू और कोमाराम भीम पर आधारित है। इस फिल्म में राम चरण के अलावा साउथ अभिनेता जूनियर एनटीआर, बॉलीवुड एक्टर अजय देवगन और अभिनेत्री आलिया भट्ट भी लीड रोल प्ले कर रही हैं।
राजामौली ने साल 2001 में अपनी पहली फिल्म स्टूडेंट नंबर- 1 डायरेक्ट की थी। जिसमें एनटीआर जुनियर और गजाला लीड रोल में थे। यह फिल्म उस साल की बड़ी हिट साबित हुई थी। राजामौली दक्षिण भारतीय फिल्मों के बेहद लोकप्रिय और चर्चित डायरेक्टर हैं। उन्होंने फिल्मों को डायरेक्ट करने से पहले तमिल टीवी धारावाहिक भी डायरेक्ट किए हैं।