देश की दिग्गज कंपनी पारले एग्रो ने अभिनेता अर्जुन कपूर को फलों पर आधारित अपने एक उत्पाद का ब्रांड एंबेसडर बनाया है। अर्जुन कहते हैं, "कभी कभी आपकी शख्सियत और जिस ब्रांड के साथ आप तालमेल बिठाते हैं, वे बड़ी आसानी से एक साथ फिट हो जाते हैं। इस नए और रोमांचक सफऱ की शुरुआत का मैं बेसब्री से इंतज़ार कर रहा हूं।” अर्जुन कपूर ने हाल के महीनों में अपने शरीर को फिटनेस के पैमाने पर पूरी तरह बदल दिया है। मोटापे को पूरी तरह घटाकर अर्जुन ने अपने शरीर को एक नया रूप दिया है और वह मानते हैं कि ये मुश्किल काम तो है पर असंभव नहीं है।
अर्जुन कपूर कहते हैं, "बचपन में मैं सिर्फ मोटा ही नहीं था बल्कि यह मेरी सेहत के लिए एक बड़ी समस्या थी। इससे निकल पाना आसान नहीं था। लेकिन, अपने सहयोगियों की मदद से ये करने में मैं सफल रहा। इसके लिए मैंने हमेशा संघर्ष किया है। लोगों ने मेरे मोटापे को लेकर तमाम तरह की बातें की, इनका मुध पर गहरा असर भी हुआ। हम ऐसी दुनिया मे रहते हैं जहां लोग अपने हिसाब से लोगों की कद काठी का पैमाना बनाते हैं।”
दादी के साथ अर्जुन कपूर
- फोटो : सोशल मीडिया
फिल्मी कलाकारों पर हमेशा फिट और सुंदर दिखने के दबाव की बात चलने पर अर्जुन कहते हैं, “लोग उम्मीद करते हैं कि हम कलाकारों का शरीर सौष्ठव शानदार होना चाहिए। वे अभिनेताओं को उसी रूप में देखना चाहते हैं। मैं उनकी भावनाओं को समझता हूं। लेकिन वे उस संघर्ष को नहीं समझ पाए हैं जिससे मुझे गुजरना पड़ा है। लेकिन मुझे इसका बुरा नहीं लगता, मुझे तो बस खुद को साबित करना है और मुझ पर यकीन रखने वाले सभी लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरना है।”