नीना गुप्ता 'बधाई' हो को मिली सफलता से बहुत खुश हैं और मान रही हैं कि इंडस्ट्री में फिर से उनका स्वागत होगा। अपनी बिंदास जीवन शैली के लिए पहचानी जाने वाली नीना गुप्ता से इन दिनों एक सवाल अक्सर हो रहा है कि क्या वह आत्मकथा लिखेंगी। विवाह न करने के बावजूद उनकी वेस्ट इंडियन क्रिकेटर विवियन रिचर्ड्स से बेटी हुई और उन्होंने उसे अकेले पालपोस कर बड़ा किया। एक दशक पहले उन्होंने 49 साल की उम्र में दिल्ली के एक शख्स के साथ विवाह किया।
लोग नीना के जीवन संघर्ष के उतार-चढ़ाव जानना चाहते हैं, कई लोग उनसे प्रेरणा लेते हैं परंतु नीना गुप्ता का इरादा अपनी आत्मकथा लिखने का कतई नहीं है। नीना के अनुसार कई प्रकाशकों ने उनके सामने आत्मकथा का प्रस्ताव रखा और एकाध बार उन्होंने लिखना शुरू भी किया परंतु बात नहीं बनी।
नीना बताती हैं, ‘मैंने इस बारे में कोशिश की मगर कोशिशों से यह काम नहीं हो सकता। जब सही समय आएग तो यह शायद खुद-ब-खुद लिख जाएगी। मैं जबर्दस्ती नहीं लिखना चाहती। ऐसा हुआ तो आत्मकथा नकली हो जाएगी। आप खुद को आत्मकथा लिखने की तरफ धकेल नहीं सकते।’ नीना के अनुसार करिअर के इस मोड़ पर उन्हें पता है कि उनकी मार्केट वैल्यू क्या है। वह बताती हूं कि निर्माताओं से मैं उनका बजट पूछ लेती हूं और आइडिया सुनने के बाद काम के लिए तुरंत हां या ना कह देती हूं।