मुंबई क्रूज ड्रग्स मामले में जेल में बंद शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान के केस में नया मोड़ आ गया है। पंच गवाह होने का दावा करने वाले प्रभाकर सैल ने हलफनामे में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। प्रभाकर ने हलफनामे में कहा कि उसने केपी गोसावी और सैम डिसूजा को आपस में बात करते सुना था। उसने दोनों को ये कहते सुना था कि, 'आप 25 करोड़ रुपये का बम डाल दो। चलो 18 करोड़ में सौदा तय करते हैं और समीर वानखेड़े को आठ करोड़ रुपये दे देते हैं'। आरोप लगाने वाला प्रभाकर खुद को गोसावी का बॉडीगॉर्ड बता रहा है।
प्रभाकर का दावा- 18 करोड़ रुपये में तय हुई डील
प्रभाकर ने आरोप लगाया है कि गोसावी और सैम ने कथित तौर पर 18 से 8 करोड़ रुपये एनसीबी अधिकारी समीर वानखेड़े को देने की बात कही थी। प्रभाकर सैल ने अपने हलफनामे में ये भी कहा कि क्रूज पर एनसीबी की छापेमारी के बाद उसने शाहरुख खान की मैनेजर पूजा ददलानी को केपी गोसावी और सैम को नीले रंग की मर्सिडीज कार में साथ में बात करते देखा था। उनके बीच करीब 15 मिनट बात हुई थी।