'सिंघम' फ्रेंचाइजी के साथ अपने रचे कॉप यूनिवर्स के साथ दर्शकों के दिलों पर राज करने वाले रोहित शेट्टी की फिल्म में अर्जुन कपूर खलनायक के रोल में नजर आने वाले हैं। अभिनेता अपनी प्रोफेशनल लाइफ के अलावा अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी चर्चा में रहते हैं। अर्जुन सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहते हैं। अब हाल ही में, अभिनेता ने दरियादिली दिखाई और रोल बेच रहे एक लड़के की मदद की है। आइए जानते हैं कि मामला क्या है।
अर्जुन कपूर की दरियादिली
हाल ही में, सोशल मीडिया पर एक बच्चे का वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। इस वीडियो में वह बच्चा अपने पिता को खोने के बाद सड़क पर रोल बेचकर घर चलाता है। अब इस बच्चे की वीडियो को देखकर अर्जुन कपूर का दिल पसीज गया है। अभिनेता 10 वर्षीय जसप्रीत सिंह की मदद के लिए आगे आए हैं। बिजनेस टाइकून आनंद महिंद्रा, आप विधायक जरनैल सिंह और स्थानीय भाजपा नेता राजीव बब्बर के बाद अर्जुन कपूर, जसप्रीत और उनकी बहन तरणप्रीत कौर को समर्थन देने वाले नए सार्वजनिक बन गए हैं।
मदद के लिए सामने आए अभिनेता
अर्जुन ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर जसप्रीत के बारे में एक समाचार रिपोर्ट साझा की और इस कठिन समय में उनके साहस की सराहना की। अर्जुन ने लिखा, "चेहरे पर मुस्कान के साथ, वह आगे की जिंदगी और उसके साथ आने वाली सभी चीजों का सामना कर रहा है.. मैं इस 10 साल के बच्चे को सलाम करता हूं कि उसने अपने दम पर खड़ा होने और 10 दिनों के भीतर अपने पिता का काम संभालने का साहस दिखाया। मुझे उसकी या उसकी बहन की शिक्षा में मदद करना अच्छा लगेगा। अगर किसी को उसके घर के बारे में पता है, तो मुझे बताएं।''
इस फिल्म में आएंगे नजर
'सिंघम अगेन' की बात करें तो यह फिल्म साल 2011 में आई 'सिंघम' और 2014 में रिलीज हुई 'सिंघम रिटर्न्स' का तीसरा पार्ट है। फिल्म का निर्देशन रोहित शेट्टी द्वारा किया गया है और यह उनके मशहूर कॉप यूनिवर्स की पांचवीं फिल्म होगी। फिल्म में कई कलाकार पिछली फिल्मों से अपनी भूमिकाओं को दोहराते हुए दिखाई देंगे। फिल्म में अजय देवगन, टाइगर श्रॉफ और दीपिका पादुकोण के अलावा अक्षय कुमार, करीना कपूर खान और रणवीर सिंह भी अहम भूमिकाओं में हैं। इनके अलावा फिल्म में अर्जुन कपूर, जैकी श्रॉफ और श्वेता तिवारी भी नजर आएंगी।