सनी देओल, धर्मेंद्र, बॉबी देओल
- फोटो : social media
अभिनेता बॉबी देओल इन दिनों हालिया रिलीज फिल्म 'एनिमल' की सफलता का आनंद ले रहे हैं। साल 2023 देओल परिवार के लिए बेहद खास रहा है। 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' से धूम मचाने वाले अभिनेता धर्मेंद्र से लेकर 'गदर 2' से सनसनी बनकर उभरने वाले सनी देओल तक, 2023 में अपने प्रदर्शन के लिए काफी सराहना बटोर चुके हैं। वहीं, संदीप रेड्डी वांगा के निर्देशन में बनी 'एनिमल' में बॉबी के अभिनय की हर तरफ सराहना हो रही है। बॉबी ने हाल ही में दिए इंटरव्यू में साल 2023 उनके परिवार के लिए कैसा रहा इस विषय पर बात की। तो आइए जानते हैं अभिनेता ने क्या कहा....
दर्शकों का जताया आभार
अभिनेता ने इस साल के बारे में बात करते हुए कहा, 'साल 2023 मेरे और मेरे परिवार के लिए अच्छा रहा है। मुझे और मेरे परिवार को प्रशंसकों और दर्शकों से जो प्यार मिला, उसके लिए मैं उनका आभारी हूं। वे वास्तव में हमारे लिए अच्छा होने की कामना करते हैं।' उन्होंने आगे 'गदर 2' की सफलता पार्टी के दिन को याद करते हुए कहा, 'मेरे भाई ने गदर 2 की सफलता के लिए पार्टी रखी थी, तो उसमें इंडस्ट्री के दिग्गज सितारे शामिल हुए। मैंने इससे एक बात सीखी कि अगर आप सफल हैं, तो आपके साथ लोग है। हालांकि, हम इसके लिए भाग्यशाली हैं। ऐसा हर किसी के साथ नहीं होता।'
यह भी पढ़ें: Dunki: 'डंकी' ने रचा नया इतिहास, बनी ले ग्रांड रेक्स के भव्य हॉल में प्रदर्शित होने वाली पहली हिंदी फिल्म
'एनिमल' ने बदली करियर की दिशा
बॉबी ने अपनी हालिया रिलीज फिल्म 'एनिमल' के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि अबरार ने उन्हें 'निडर' बना दिया है और अब वे भविष्य में चुनौतीपूर्ण भूमिकाएं निभाने के लिए उत्सुक हैं। अभिनेता ने कहा, 'मैं एक ही तरह की भूमिकाएं निभाते हुए थक गया था। अगर आप अलग किरदार निभाते हैं, तो आपको अंदर से ही नया महसूस होता है। अलग किरदार में देखकर लोग आश्चर्यचकित भी होते है।' उन्होंने एनिमल के किरदार को लेकर कहा कि जब लोगों ने फिल्म के टीजर में मेरा खतरनाक लुक देखा, तो वे हैरान रह गए थे।
बॉबी देओल का वर्कफ्रंट
बॉबी देओल के वर्कफ्रंट की बात करें तो अभिनेता आगामी फिल्म 'एनबीके 109' में नजर आएंगे। इस फिल्म का निर्देशन साउथ सिनेमा स्टार नंदमुरी बालकृष्ण करने वाले हैं। यह फिल्म नंदमुरी बालकृष्ण के करियर की 109वीं फिल्म है। इसलिए इस फिल्म का शीर्षक 'एनबीके 109' रखा गया है। बताया जा रहा है कि इस फिल्म में बॉबी देओल का अहम किरदार होगा।
यह भी पढ़ें: Animal 30 Days: एक शख्स है जो संदीप रेड्डी को आगे नहीं बढ़ने देना चाहता, भाई ने लगाया सनसनीखेज आरोप