एक बार फिर बिग बी ने साबित कर दिया है कि वे अपने कद के मुताबिक बड़ी सोच रखते हैं। मामला फिल्म 'कृष 3' से जुड़ा हुआ है। राकेश रोशन निर्देशित इस फिल्म से कुछ समय पहले तक बिग बी का कोई वास्ता नहीं था, लेकिन इधर खबर है कि इस फिल्म में वे वॉइस ओवर करने जा रहे हैं।
दरअसल राकेश रोशन को कृष सिरीज की तीनों फिल्मों को एक कड़ी में जोडऩे के लिए एक दमदार आवाज की दरकार थी, सो अमित जी से आग्रह किया गया। पहले तो लग रहा था कि शायद ही वे इस प्रस्ताव को स्वीकार करें, लेकिन बिग बी तत्काल मान गए। राकेश रोशन के डर का कारण थे विवेक ओबेराय।
बिग बी को वॉइस ओवर के जरिए पिछली दोनों फिल्मों से 'कृष 3' को जोडऩे के अलावा इस नई फिल्म के मुख्य पात्रों के बारे में भी बोलना था। चूंकि ऐश्वर्य के बहू बन जाने के बाद बच्चन परिवार की ओबेराय परिवार से दूरी हो गई थी, इसलिए यह संभावना भी बन रही थी कि बिग बी विवेक ओबेराय के किरदार काल के बारे में कुछ भी कहने से बचें।
लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने पूरी दरियादिली दिखाई और विवेक के किरदार का उसी तरह विस्तार से परिचय दिया, जिस तरह ऋतिक की भूमिका के बारे में जानकारी दी। बिग बी ने बता दिया कि प्रोफेशलिज्म एक तरफ है और आपसी संबंध दूसरी तरफ। किसी भी हालत में दोनों को मिक्स नहीं किया जाना चाहिए।