नर्गिस फाखरी को अंदाजा नहीं था कि उनके डांस का एक स्टेप इतना परेशान कर देगा। फिल्म 'मैं तेरा हीरो' के लिए एक गाने में डांस करते हुए नर्गिस कुछ इस तरह लडख़ड़ाई कि वे चोटिल हो गईं। डेविड धवन के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में नर्गिस की जोड़ी वरुण धवन के साथ बनाई गई है।
खैर, अच्छी बात यह है कि नर्गिस को ज्यादा चोट नहीं आई। बस, गरदन और घुटनों में थोड़ी खरोचें आईं। हालांकि घायल होने के बाद वे कुछ समय तक अपने हाथ भी नहीं हिला पा रही थीं। उन्हें बेहद दर्द महसूस हो रहा था।
दरअसल नर्गिस को डांस करने की आदत नहीं है। वैसे भी वे अभी गिनी चुनी फिल्मों में ही काम कर रही हैं। लेकिन सच यही है कि उन्हें डांस काफी लुभाते हैं। हाल ही में वे शाहिद कपूर की फिल्म फटा पोस्टर निकला हीरो में आइटम भी कर चुकी हैं।
राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में नर्गिस की एंट्री शाहिद कपूर के कारण हुई है। शाहिद और नर्गिस अच्छे दोस्त हैं। उन्होंने कई बार शाहिद से जिक्र किया था कि वे एक अच्छा आइटम करना चाहती हैं, क्योंकि इससे तेजी से चर्चा मिल जाती है।
जब संतोषी ने अपनी फिल्म में आइटम रखने की बात की, तो शाहिद ने उन्हें नर्गिस का नाम सुझा दिया। इधर नर्गिस का कहना है कि भले ही मैं तेरा हीरो का आइटम करते हुए वे घायल हो गई हों, लेकिन परदे पर इसका रिजल्ट शानदार होगा। यह गाना हर किसी को घायल करेगा।