'बिग बॉस 17' के फिनाले को हुए लगभग एक सप्ताह होने को आ गया है, लेकिन 'बिग बॉस' के प्रतियोगियों से जुड़ी खबरें लगातार सुर्खियां बटोर रही हैं। टेलीविजन की मशहूर अभिनेत्री अंकिता लोखंडे और उनके पति विक्की जैन शो के बाद भी लगातार चर्चा में बने हुए हैं। 'बिग बॉस 17' के फिनाले के दौरान विक्की की मां, अंकिता को काफी खरी खोटी सुनाती नजर आई थीं। मीडिया से बातें करते हुए विक्की जैन अब अपनी मां के बयान का बचाव करते नजर आए हैं।
मां की भावनाएं सही थीं बस शब्द गलत थे
'बिग बॉस 17' के दौरान दर्शकों को अंकिता लोखंडे और विक्की जैन के बीच काफी झगड़े देखने को मिले थे। उन दोनों के बीच के ये झगड़े तब और बढ़ गए जब शो में विक्की की मां बतौर गेस्ट बनकर आई थीं। इतना ही नहीं शो के फिनाले में विक्की की मां फिर से अंकिता को भला बुरा बोलती दिखीं। पिछले दिनों एक इंटरव्यू के दौरान विक्की अपनी मां के लिए सफाई देते हुए बोले, 'वे मेरी मां हैं और मुझे लेकर काफी भावुक भी हैं। हां, मैं मानता हूं कि उन्होंने अंकिता से जैसे बात की वह बिल्कुल गलत है, लेकिन आप उनकी भावनाओं को समझिए।'
क्या था पूरा मामला
'बिग बॉस 17' के फिनाले में शो के प्रतियोगियों के घरवाले भी वहां मौजूद थे। उसी दौरान शो के होस्ट सलमान खान से बातें करते हुए अंकिता की सास ने कहा था, 'अब अंकिता ऐसे किसी शो का हिस्सा नहीं बनेंगी जहां उनकी वजह से परिवार की इज्जत के ऊपर कोई उंगली उठाए।' विक्की की मां के इस तल्ख लहजे को लेकर सोशल मीडिया पर भी काफी बवाल मचा था।
अंकिता और विक्की का रिश्ता
'पवित्र रिश्ता' से दर्शकों के दिल में अपनी खास जगह बनाने वाली अंकिता लोखंडे 'बिग बॉस 17' में अपने पति विक्की जैन के साथ गई थीं। शो के दौरान कई बार ऐसा लगा कि दोनों के बीच में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है, लेकिन अब शो के खत्म हो जाने के बाद विक्की अंकिता पर खूब प्यार लुटाते दिख रहे हैं। विक्की और अंकिता के फैंस भी उम्मीद कर रहे हैं कि दोनों के बीच सब कुछ ठीक हो जाए।