राजकुमार हिरानी की अगली फिल्म 'पीके' की शूटिंग के लिए हाल ही में आमिर खान जयपुर पहुंचे। यहां दो महीने का शूटिंग शेडय़ूल है। आमिर अपने परिवार को भी अपने साथ ही लेकर आए हैं। सूत्रों की मानें तो आजाद और किरण, आमिर के साथ वहां पहुंचे हैं। नन्हे-मुन्ने आजाद की आया भी उनके साथ वहां गयी है।
किताबों के शौकीन आमिर और किरण राव अपने साथ पढ़ने के लिए कई किताबें भी ले गए हैं। कई शूटकेस सिर्फ किताबों के हैं। आमिर को देखकर लगता है जैसे आमिर ने राजस्थान में अपना घर बसा लिया है क्योंकि इन चीजों के अलावा आमिर के साथ वहां उनके पर्सनल ट्रेनर भी पहुंचे हैं। वह आमिर के साथ ही पूरे दो महीने राजस्थान में रहेंगे।
आमिर से जुड़े लोगों की मानें तो अपने परिवार के साथ-साथ आमिर अपनी फिटनेस को भी अपनी सबसे बड़ी जरूरत मानते हैं, इसलिए फिटनेस के प्रति संजीदा आमिर अपने पर्सनल ट्रेनर को भी अपने साथ ही हर जगह ले जाना पसंद करते हैं। आमिर खान की इस फिल्म की शूटिंग जल्द ही राजस्थान में शुरू होगी। फिल्म के इस साल के आख्रिरी में रिलीज होने की संभावना है।