अभिनेता रणवीर शौरी हाल ही में बिग बॉस ओटीटी 3 में नजर आए थे। शो में आखिरी पांच फाइनलिस्ट की लिस्ट में शामिल थे। अनिल कपूर का शो खत्म होने के बाद भी लगातार चर्चा में बने हुए हैं। हाल ही में अभिनेता ने जया बच्चन से जुड़े अपने एक बयान को लेकर सफाई दी है। दरअसल, जब 2020 में संसद में भाई-भतीजावाद की बहस के बीच जया बच्चन ने बॉलीवुड का समर्थन किया। उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था, जिस पर लोगों ने निराशा जताई थी। रणवीर शौरी ने भी इस पर अपनी निराशा व्यक्त की थी।
रणवीर शौरी ने चार साल बाद इस मामले पर सफाई देते हुए कहा कि वह सीधे तौर पर जया बच्चन पर हमला नहीं कर रहे थे। हाल ही में एक बातचीत में रणवीर ने कहा, 'मैंने जया जी की टिप्पणी पर ऐसा नहीं कहा था। उन्होंने उस समय जो कुछ भी कहा वह इंटरनेट पर था। हर कोई उस थाली पर बात कर रहा था। इसलिए मैंने भी अपनी राय दी थी। मगर यह उनके जवाब को लेकर नहीं था।' उन्होंने कहा, 'मुझे यह लिखते हुए बहुत गुस्सा आया होगा। पहले भी लोगों ने मुझसे कहा है कि मैं सोशल मीडिया पर काफी मोटिवेट होकर लिखता हूं। इसलिए शायद पीछे हट जाना बेहतर है।'
अभिनेता ने आगे कहा, 'आज अगर मुझे यही बात कहनी पड़े। तो शायद मैं इसे इतने व्यंग्य की तरीके से व्यक्त नहीं करूंगा। मुझे इस पर इतना गुस्सा होने की जरूरत नहीं थी। मैंने ये तब लिखा है, जब मेरे अंदर वो गुस्सा पनप रहा था। बॉलीवुड में दोहरा व्यवहार किया गया। इसलिए मुझे लगता है कि इससे मेरा गुस्सा व्यक्त होता है।' गौरतलब है कि जया बच्चन ने संसद में कोरोनावायरस महामारी के दौरान बॉलीवुड में भाई-भतीजावाद का आरोप लगाने वालों पर निशाना साधा था।
जया बच्चन ने कहा था, 'जिस थाली में खाते हो, उसी में छेद करते हो।' इस पर प्रतिक्रिया देते हुए शौरी ने एक्स पर लिखा था, 'थालियां सजाती हैं ये अपने बच्चों के लिए। हम जैसे को फेंके जाते हैं, मसाले के टुकड़े। हम अपना टिफिन खुद पैक करके काम पे जाते हैं। किसी ने कुछ नहीं दिया।' वर्क फ्रंट की बात करें तो रणवीर शौरी हाल ही में 'बिग बॉस ओटीटी 3' में अपनी भागीदारी के लिए सुर्खियों में आए थे। वह शो के दूसरे रनर-अप थे। इसके अलावा वह वेब सीरीज शेखर होम में केके मेनन के साथ नजर आए हैं।