बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन और तब्बू इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'औरोंं में कहां दम था' को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। दोनों सितारे फिल्म की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं। दोनों ने पहली बार साल 1994 की फिल्म 'विजयपथ' में पहली बार स्क्रीन साझा की थी। इसके बाद इन्हें 'हकीकत', 'दृश्यम', 'दे दे प्यार दे', 'दृश्यम 2' और 'भोला' जैसी फिल्मों में साथ देखा गया है। तब्बू ने हाल ही में अजय के साथ अपनी ऑन-स्क्रीन और ऑफ-स्क्रीन रिश्ते के बारे में बात की। उन्होंने बताया कि कैसे वे दो बिल्कुल अलग लोग हैं, जो कुछ चीजें एक जैसी पसंद करते हैं।
तब्बू ने अजय देवगन के साथ कई प्रोजेक्ट्स में काम करने पर एक बातचीत में कहा, 'हम लोग एक दूसरे से बहुत अलग हैं, लेकिन हम कई चीजों में एक जैसी पसंद साझा करते हैं, जो किसी भी चीज से परे है। मुझे लगता है कि यह इस बात को लेकर है कि हम एक दूसरे के लिए क्या साझा करते हैं और हम एक-दूसरे के लिए क्या महसूस करते हैं। चाहे आप दोस्त के रूप में कितने भी करीबी क्यों न हों, स्क्रीन शेयर करना उससे बहुत अलग है, जो आप कैमरे के पीछे साझा करते हैं। कुछ चीजों में हमारी पसंद एक जैसी है और कुछ में पूरी तरह से अलग है। हो सकता है कि हम हर बात पर सहमत न हों।'
Ajay Devgn-Amitabh Bachchan: अजय देवगन ने की अमिताभ बच्चन की तारीफ, कहा, "वो बुद्धिमान हैं, क्योंकि.."
उन्होंने आगे बताया कि अजय देवगन कभी भी उनके सामने उनकी सराहना नहीं करते। अभिनेत्री ने कहा, 'वह बहुत प्रदर्शनकारी नहीं हैं। वह आपको फोन करके यह नहीं कहेंगे कि अरे वाह, क्या पिक्चर बनी है। वह अपनी सराहना अपने तरीके से दिखाएंगे।' तब्बू ने कहा, मुझे याद नहीं है कि उन्होंने कभी मेरे सामने मेरी प्रशंसा की हो। अगर उन्होंने मेरी पीठ पीछे तारीफ की है तो मुझे नहीं पता, लेकिन मुझे याद है भोला के ट्रेलर लॉन्च के दौरान हम सभी बैठकर खाना खा रहे थे, तभी अचानक उन्होंने कहा कि 'भूल भुलैया 2' तो इनकी वजह से चली है। मैं हैरान थी कि उन्होंने वास्तव में ऐसा कहा था।'
अजय देवगन और तब्बू जल्द ही रोमांटिक-थ्रिलर फिल्म 'औरों में कहां दम था' में नजर आएंगे। इस फिल्म को नीरज पांडे ने निर्देशित किया है। ये फिल्म 5 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
Triptii Dimri: नेशनल क्रश कहे जाने पर तृप्ति डिमरी ने रखी अपनी बात, कहा- मुझे दर्शकों की ओर से..