तब्बू ने मां रिजवाना हाशमी और अपने डॉगी छोटा चिन्नू के साथ एक तस्वीर साझा की है। इसके साथ उन्होंने अपने पालतू कुत्ते चिन्नू के लिए दिल छू लेने वाला एक नोट लिखा है। तस्वीर में तब्बू की मां और उनके साथ उनका डॉगी भी कैमरे में पोज देता हुआ दिखाई दे रहा है।
बॉलीवुड अभिनेत्री तब्बू इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'औरों में कहां दम था' को लेकर सुर्खियों में बनी हुई हैं। इस फिल्म में वह अजय देवगन के साथ नजर आएंगी। ये फिल्म 5 जुलाई को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है। अपनी शानदार अदाकारी के लिए जानी जाने वाली अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर अपने पेट डॉग चिन्नू के लिए दिल छू लेने वाला एक नोट लिखा है। उन्होंने अपने पालतू कुत्ते के साथ एक तस्वीर साझा की है। इसमें उनके साथ उनकी मां भी नजर आ रही हैं।
विज्ञापन
मां और चिन्नू के साथ साझा की तस्वीर
तब्बू ने अपने पोस्ट में बताया कि इतने वर्षों में वह उनके परिवार का पसंदीदा सदस्य बन गया। उन्होंने पोस्ट में हंसी, आंसू, बगीचे की सैर और यहां तक कि चिन्नू के डराने के लिए भौंकने के उनके पलों को भी उजागर किया है। तब्बू ने यह नोट एक तस्वीर के साथ साझा किया। इसमें उनकी मां रिजवाना हाशमी और छोटा चिन्नू दिखाई दे रहा है। तब्बू की मां और उनके साथ उनका डॉगी भी कैमरे में पोज देता हुआ दिखाई दे रहा है। तब्बू ने चिन्नू को प्यार से अपने हाथों में लिया हुआ है।
नोट साझा कर लुटाया प्यार
अभिनेत्री ने नोट में लिखा, '29 जून 2014 को एक गर्म और उमस भरे दिन में चिन्नू घर आया। वह एक छोटे से बिंदु की तरह दिख रहा था, जो बाद में मेरे परिवार और दोस्तों के बीच शामिल हो गया। दस साल के शुद्ध प्रेम का जश्न मनाना, हंसी और आंसू बांटना, बगीचे में टहलना, अपनी भौंकने की आवाज से बड़े-बड़े प्यारे जानवरों को डराना और भी बहुत कुछ। इसके साथ ही उसे सभी से मिल रहे प्यार का जश्न मनाना। शुक्रिया।' तब्बू अपनी शानदार एक्टिंग के साथ-साथ पालतू जानवरों के प्रति अपने गहरे लगाव के लिए भी जानी जाती हैं।
विज्ञापन
'औरों में कहां दम था' में आएंगी नजर
वर्कफ्रंट की बात करें तो तब्बू आखिरी बार फिल्म क्रू में नजर आई थीं। फिल्म में करीना कपूर और कृति सेनन के साथ अपनी शानदार अदाकारी के लिए उन्होंने खूब वाहवाही लूटी थी। इसके बाद वह जल्द ही रोमांटिक-थ्रिलर फिल्म 'औरों में कहां दम था' में नजर आई थीं। नीरज पांडे द्वारा निर्देशित ये फिल्म 5 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।