साउथ अभिनेत्री अनुष्का शेट्टी अपनी प्रोफेशनल लाइफ के चलते अक्सर सुर्खियों में बनी रहती हैं। अभिनेत्री को अपने शानदार अभिनय प्रदर्शन के लिए जाना जाता है। तमिल और तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में एक सफल अभिनेत्री के तौर पर पहचान बनाने वालीं अनुष्का शेट्टी अब मलयालम फिल्में में डेब्यू करने जा रही हैं। हॉरर फिल्म 'कत्तानार- द वाइल्ड सॉरसरर' के साथ अभिनेत्री अपने मलयालम डेब्यू के लिए तैयार हैं। फिल्म के निर्देशक ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर इसकी जानकारी दी है।
काफी वक्त से खबरें आ रही थीं कि अनुष्का शेट्टी आगामी 'कत्तानार- द वाइल्ड सॉरसरर' में अहम भूमिका निभाएंगी। अब सोशल मीडिया पर सामने आए पोस्ट ने इन खबरों पर मुहर लगा दी है। 'कत्तानार- द वाइल्ड सॉरसरर' के निर्देशक रोजिन थॉमस ने अपने इंस्टाग्राम पर अनुष्का शेट्टी और फिल्म की टीम के साथ सेट से एक तस्वीरें साझा की हैं। एक तस्वीर में वह अनुष्का का सेट पर स्वागत करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, दूसरी तस्वीर में अभिनेत्री हाथों में भगवान श्रीकृष्ण की मुर्ति के साथ पोज देती नजर आ रही हैं।
अनुष्का के साथ काम करने को लेकर उत्साहित हैं रोजिन
'कत्तानार द वाइल्ड सॉरसरर' के निर्देशक रोजिन थॉमस ने सोमवार, 11 मार्च को पोस्ट साझा कर लिखा, 'हमारी कत्तानार की सिनेमाई यात्रा में अनुष्का शेट्टी के साथ सहयोग करने के लिए सम्मानित महसूस कर रहा हूं। कलाकारों का सपना।' तस्वीरें सामने आने के बाद फैंस इस महाकाव्य कहानी में शामिल होने के लिए अनुष्का शेट्टी की सराहना कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर इन तस्वीरों के सामने आने के बाद फैंस बेहद खुश हैं। 'कत्तानार- द वाइल्ड सॉरसरर' झलक सोशल मीडिया पर पहले ही सामने आ चुकी है। यह फिल्म 14 भाषाओं में रिलीज की जाएगी। 'कत्तानार द वाइल्ड सॉरसरर' के पहला भाग इसी साल 2024 में रिलीज होगा।