इम्तियाज अली की फिल्म 'अमर सिंह चमकीला' दर्शकों को खूब पसंद आई है। फिल्म में दिलजीत दोसांझ और परिणीति चोपड़ा अहम रोल में दिखाई दिए हैं। फिल्म में अमर सिंह चमकीला और अमरजोत कौर की कहानी दिखाई गई है। अब हाल ही में, फिल्म की रिलीज के बाद अब अमर सिंह चमकीला की बेटी ने इम्तियाज अली को लेकर कुछ विवादित दावे किए हैं। आइए जानते हैं कि पूरा मामला क्या है।
निर्देशक से नाराज हुईं चमकीला की बेटी
दिवंगत पंजाबी गायक के जीवन पर आधारित निर्देशक इम्तियाज अली की फिल्म 'अमर सिंह चमकीला' को बहुत प्रशंसा मिली है और फिल्म की रिलीज के बाद से प्रशंसकों ने गायक के जीवन के बारे में अधिक जानने की कोशिश में गहरी दिलचस्पी दिखाई है। गायक की 27 साल की उम्र में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हाल ही में, चमकीला की सबसे बड़ी बेटी अमनदीप कौर ने फिल्म के प्रति निराशा व्यक्त की और कहा कि वह इम्तियाज अली से परेशान हैं।
फिल्म के कुछ दृश्यों पर उठाए सवाल
एक इंटरव्यू में अमनदीप ने कहा कि जब उनके पिता को गोली मारी गई थी तब वह सिर्फ पांच साल की थीं। फिल्म के बारे में बात करते हुए उन्होंने बताया कि परिवार ने निर्देशक को बहुत सारी जानकारी दी थी, जिसे फिल्म में शामिल नहीं किया गया था। अमनदीप ने कहा कि उनकी मां गुरमेल कौर ने ही चमकीला का अंतिम संस्कार किया था, लेकिन इम्तियाज ने फिल्म में इसे ठीक से नहीं दिखाया। गुरमेल ने कहा कि भले ही इम्तियाज ने अंतिम संस्कार की वास्तविक तस्वीर दिखाई, लेकिन उन्होंने ऐसा कोई सीन नहीं दिखाया, जहां उनके किरदार को रोते हुए या परेशान होचे देखा जा सके।
इम्तियाज ने परिवार के साथ किया अन्याय?
अमनदीप ने आगे कहा, “उन्होंने अमरजोत के परिवार से सभी को दिखाया, लेकिन हमारे परिवार से किसी को नहीं। मेरी बुआ, चाचा, किसी को नहीं दिखाया गया। उन्होंने आगे कहा, 'हम उनसे परेशान हैं। वह ऐसा कैसे कर सकते हैं?” अमनदीप ने कहा कि फिल्म के लिए उनसे मिलने के बावजूद इम्तियाज ने क्लोजिंग क्रेडिट में चमकीला की बेटियों की तस्वीरें तक नहीं दिखाईं।
Karisma Kapoor: 'प्रेम कैदी' का एक सीन करते हुए पानी में डूबने लगे थे हरीश, करिश्मा ने मौके पर बचाई थी जान