आलिया भट्ट बॉलीवुड की उन अभिनेत्रियों में से एक हैं जो अपने अभिनय के दम पर किसी भी फिल्म को हिट करवा सकती हैं। एक से बढ़कर एक हिट फिल्म देने वाली आलिया एक प्यारी सी बेटी की मां भी हैं। चाहे वे अभिनय कर रही हों या असल जिंदगी में अपनी बेटी की परवरिश कर रही हों, आलिया अपना सौ प्रतिशत देने में विश्वास करती हैं। पिछले दिनों एक साक्षात्कार के दौरान वे अपनी बेटी राहा के बारे में खुलकर बातें करती नजर आईं।
राहा को लिखती हैं चिट्ठियां
अभिनेत्री आलिया भट्ट ने लगभग एक साल तक अपनी बेटी को मीडिया से दूर रखा था। बीते साल क्रिसमस पर उन्होंने राहा का चेहरा दुनिया को दिखलाया था। हाल ही में, आलिया ने मीडिया से बातें करते हुए कहा, 'मैं राहा को ईमेल के जरिए चिट्ठियां लिखती हूं और यह मैंने उसी महीने से करना शुरू कर दिया था जिस महीने उसका जन्म हुआ था। मैं चाहती हूं जब वो बड़ी हो तो उसे पता चले कि उसकी मां ने उसे कैसे पाला है। मैं उन ईमेल के साथ उसकी तस्वीरें भी उसे भेजती हूं।'
राहा एक आजाद और आत्मनिर्भर इंसान बने
आलिया अपनी बात जारी रखते हुए कहती हैं, 'मैं उन चिट्ठियों में यह कभी नहीं लिखती हूं कि राहा आपको क्या करना है और क्या नहीं करना है। पिछले दिनों एक ईमेल में मैंने लिखा था कि आप एक दयालु इंसान बनना। आप खूब मेहनत करना और अपनी जिंदगी की राह खुद चुनना। आप अपने करियर में क्या करना चाहती हो इसका फैसला भी खुद ही लेना। राहा आप एक आत्मनिर्भर और आजाद इंसान बनना।'
भारतीय ग्रंथों में है जीवन का सार
आलिया ने साल 2022 राहा का जन्म दिया था। आलिया से जब पूछा गया कि वे अपनी बेटी को जिंदगी के बारे में कौन सी एक सीख देना चाहेंगी। इस सवाल के जवाब में अभिनेत्री ने कहा, 'मैं चाहती हूं कि राहा जब बड़ी हो तब वे भारतीय धर्मग्रंथों को पढ़े और जाने कि इंसान का स्वाभाव कैसा होना चाहिए। हमारे धर्मग्रंथ हमें बताते हैं कि चाहे आपका दिन कितना भी बुरा क्यों न गुजर रहा हो, लेकिन आप दूसरों के प्रति हमेशा दयालु रहिए। आपको नहीं पता है कि कौन इंसान कहां से आ रहा है और उसका दिन कैसा गुजर रहा है। आपको हमेशा लोगों के साथ वैसा ही व्यवहार करना चाहिए जैसा व्यवहार आप चाहते हैं कि लोग आपके साथ करें।'