तेलुगु स्टार नंदमुरी बालकृष्ण की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘अखंडा 2’ आज यानी 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होनी थी। लेकिन पहले फिल्म के प्रीमियर शो कैंसिल हुए, अब देर रात मेकर्स ने अचानक ये घोषणा कर दी कि फिल्म की रिलीज भी फिलहाल पोस्टपोन हो गई है। मेकर्स ने देर रात एक पोस्ट शेयर कर इस बात की जानकारी दी।
मेकर्स ने साझा की पोस्ट
प्रीमियर शो के कैंसिल होने के बाद फैंस निराश थे। लेकिन बाद में प्रोडक्शन हाउस की ओर से एक्स पर एक पोस्ट के जरिए ये बताया गया कि अब फिल्म की रिलीज भी पोस्टपोन हो गई है। मेकर्स ने एक्स पर की अपनी पोस्ट में लिखा, ‘भारी मन से हमें आपको यह सूचित करते हुए दुख है कि ‘अखंडा 2’ अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण निर्धारित समय पर रिलीज नहीं हो पाएगी। यह हमारे लिए एक दुखद क्षण है। हम वास्तव में समझते हैं कि इससे फिल्म का इंतजार कर रहे हर प्रशंसक और फिल्म प्रेमी को कितनी निराशा होती है। हम इस मामले को जल्द से जल्द सुलझाने के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं। हुई असुविधा के लिए हमें खेद है। आपका समर्थन हमारे लिए बहुत मायने रखता है। हम जल्द ही एक सकारात्मक अपडेट साझा करने का वादा करते हैं।’
प्रीमियर शो भी हुए थे कैंसिल
इससे पहले ‘अखंडा 2’ के प्रीमियर शो भी कैंसिल हुए थे। जिस पर मेकर्स की ओर से बयान जारी कर जानकारी दी गई थी। तब मेकर्स ने एक्स पर जानकारी देते हुए बताया था, ‘आज होने वाले ‘अखंड 2’ के प्रीमियर तकनीकी समस्याओं के कारण रद्द कर दिए गए हैं। हमने अपनी पूरी कोशिश की है, लेकिन कुछ चीजें हमारे नियंत्रण से बाहर हैं। असुविधा के लिए खेद है।’ फैंस अभी इस झटके से उबर भी नहीं पाए थे कि मेकर्स ने बाद में फिल्म की रिलीज के टलने की भी घोषणा कर दी।
अखंडा 2
- फोटो : सोशल मीडिया
मद्रास उच्च न्यायालय ने लगाई थी रोक
फिल्म की रिलीज मद्रास उच्च न्यायालय के उस आदेश के बाद स्थगित हुई है, जिसमें इरोस इंटरनेशनल मीडिया लिमिटेड द्वारा दायर एक अपील पर इसकी स्क्रीनिंग पर रोक लगा दी गई थी। सिनेमाएक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, यह मामला एक पूर्व मध्यस्थता निर्णय पर लंबे समय से चल रहे कानूनी विवाद से उपजा है, जो इरोस के पक्ष में गया था, जिसके तहत कंपनी को 14 प्रतिशत ब्याज के साथ लगभग 28 करोड़ रुपए का मुआवजा मिलना था।
‘अखंडा’ का सीक्वल है फिल्म
‘अखंडा 2’ बोयापति श्रीनु द्वारा निर्देशित 2021 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘अखंडा’ का सीक्वल है। फिल्म में नंदमुरी बालकृष्ण के साथ संयुक्ता, आधी पिनिशेट्टी और हर्षाली मल्होत्रा भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। पिछले दिनों फिल्म का ट्रेलर भी सामने आया था, जिसे मिली-जुली प्रतिक्रियाएं मिली थीं। फिलहाल निर्माताओं ने अभी तक नई रिलीज की तारीख की घोषणा नहीं की है।