देशभर में लोकसभा चुनाव की बयार चल रही है। सत्तारूढ़ भाजपा और इंडी गठबंधन के नेताओं के बीच बयानबाजी और आरोपों का सिलसिला भी तेज हो गया है। एक तरफ विपक्ष चुनावी चंदा समेत नेताओं की गिरफ्तारी पर सवाल उठा रहा है, तो दूसरी तरफ भाजपा भी विरोधी नेताओं को भ्रष्टाचार में लिप्त बता रही है।
‘370 के लक्ष्य तक पहुंचाएगा दक्षिण’
अब केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 370 सीटों के लक्ष्य पर पूरा भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि मौजूदा 288 सीटों में अतिरिक्त सीटें दक्षिण भारत में बढ़त से मिलेंगी। साथ ही उन्होंने कहा कि बीते दस सालों में भारतीय जनता पार्टी ने अपने काम से लोगों को दिल जीता है। इस बार चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन 400 सीटें पार करेगा। उन्होंने कहा आगे कहा कि इसके लिए राज्यवार विश्लेषण करने की जरूरत नहीं है। इस बार हम दक्षिण में सफलता का स्वाद चखेंगे। केंद्रीय मंत्री के अनुसार भाजपा ने तमिलनाडु, केरल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में कड़ी मेहनत की है। उन्होंने कहा कि इन राज्यों में हमारी उपस्थिति बहुत कम थी। तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में अच्छे प्रदर्शन के दम पर जीत हासिल करेंगे।
विपक्ष के आरोपों को किया खारिज
केंद्रीय मंत्री ने इस दौरान विपक्ष पर भी निशाना साधा। दरअसल इंडी गठबंधन ने आरोप लगाया है कि मोदी सरकार विपक्ष को कमजोर करने के लिए प्रवर्तन निदेशालय और सीबीआई जैसी केंद्रीय जांच एजेंसियों को खुली छूट दे रही है।
विपक्ष को दी यह नसीहत
नागपुर से तीसरी बार चुनाव लड़ रहे गडकरी ने विपक्ष को नसीहत दी कि भाजपा के प्रतिद्वंद्वियों को लोगों का विश्वास जीतकर प्रतिकूल परिस्थितियों से उबरने की कोशिश करनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि विपक्ष को कमजोर या मजबूत बनाना हमारी जिम्मेदारी नहीं है। पिछले कुछ वर्षों में भाजपा अपने कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत के कारण मजबूत होकर उभरी है और विपक्ष को भी लोगों का विश्वास हासिल करने के लिए प्रयास करना होगा। उन्होंने आगे कहा कि आप चाहे जो भी भूमिका निभाएं, आपको हमेशा विपरीत परिस्थितियों से उबरने के लिए कोशिश करनी होगी यह किसी भी विपक्षी दल के लिए महत्वपूर्ण है।
विपक्ष के पास कोर्ट जाने का विकल्प खुला है- गडकरी
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारी और विपक्षी दलों को आयकर विभाग के नोटिस के जवाब में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है और भाजपा या सरकार का इससे कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि हमने अपनी तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की । कानून के मुताबिक मामले दर्ज किए गए हैं और एजेंसियां अपना काम करती रहती हैं। वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा कि विपक्ष के पास कोर्ट जाने का विकल्प खुला है।
चुनावी चंदे पर बोले- ‘भाजपा की सबसे ज्यादा टीआरपी’
देशभर में चुनावी बॉन्ड के माध्यम से दिए गए चंदे के खुलासे के बाद हंगामा मचा था। गडकरी ने स्पष्ट किया कि भाजपा सत्तारूढ़ पार्टी है और उसे चंदे में बड़ा हिस्सा मिलना स्वाभाविक है। उन्होंने आगे कहा कि टेलीविजन या मीडिया में भी जिनकी टीआरपी ज्यादा होती है, उन्हें विज्ञापन में अच्छा रेट मिलता है। जिनकी टीआरपी कम होती है, उन्हें कम रेट पर विज्ञापन मिलते हैं। आज भाजपा सत्ता में है, इसलिए पार्टी को ज्यादा चंदा मिला। उन्होंने कहा कि अगर कल कोई और पार्टी सत्ता में होगी तो उसे और अधिक दान मिलेगा।