लोकसभा चुनाव 2024 के लिए जारी चुनाव प्रचार के दौर में भाजपा और कांग्रेस के बीच जमकर जुबानी जंग भी हो रही है। ताजा घटनाक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कर्नाटक के शिवमोग्गा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने प्रज्ज्वल रेवन्ना मामले में पीएम मोदी से देश की महिलाओं से माफी मांगने की मांग भी की।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कर्नाटक में जेडीएस प्रत्याशी प्रज्ज्वल रेवन्ना के समर्थन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनावी रैलियों पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने महिलाओं के खिलाफ हुए कथित अपराध का जिक्र करते हुए पीएम मोदी से माफी मांगने की मांग की। राहुल ने कर्नाटक के शिवमोग्गा में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री को देश की महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए। रेवन्ना के खिलाफ सामने आए सैकड़ों महिलाओं के उत्पीड़न की कथित वीडियो का जिक्र करते हुए राहुल ने उन्हें 'मास रेपिस्ट' करार दिया। राहुल गांधी ने कहा कि कर्नाटक में सबसे बड़ा मुद्दा रेवन्ना का है। महिलाओं का शोषण करने वाले ऐसे शख्स का पीएम मोदी समर्थन कर रहे हैं। उन्हें सबसे पहले जवाब देना चाहिए और देश की महिलाओं से माफी भी मांगनी चाहिए।
पीएम मोदी भारत की महिलाओं से माफी मांगें
विज्ञापन
गौरतलब है कि 33 साल के प्रज्ज्वल रेवन्ना जेडीएस संरक्षक और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा के पौत्र हैं। जेडीएस ने उन्हें हसन लोकसभा सीट से टिकट दिया है। यहां बीते 26 अप्रैल को मतदान हुआ। कर्नाटक में भाजपा और जेडीएस साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। प्रज्ज्वल पर सैकड़ों महिलाओं के साथ दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाने का आरोप है। कर्नाटक पुलिस की एसआईटी इस मामले में जांच कर रही है। राहुल ने इस मामले में कहा, इतने बड़े दुष्कर्मी के लिए वोट मांगने के लिए पीएम मोदी को भारत की महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए।
पेन ड्राइव में 2900 से ज्यादा अश्लील वीडियो
राहुल गांधी ने कहा, प्रधानमंत्री ने कर्नाटक के सामने मंच पर दुष्कर्मी का समर्थन किया। पीएम मोदी ने कर्नाटक में कहा था कि अगर आपने इस दुष्कर्मी को वोट दिया तो इससे मुझे मदद मिलेगी। खबरों के मुताबिक भाजपा नेता देवराज गौड़ा ने दावा किया है कि प्रज्ज्वल के पेन ड्राइव में 2900 से ज्यादा अश्लील वीडियो हैं।
विज्ञापन
भाजपा नेताओं को देश की हर महिला से माफी मांगनी चाहिए
राहुल गांधी ने कहा, पीएम मोदी ने भारत की हर महिला का अपमान किया है। प्रधानमंत्री, गृह मंत्री अमित शाह और सभी भाजपा नेताओं को देश की हर महिला से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि दुनिया में किसी भी नेता ने इतने बड़े पैमाने पर दुष्कर्म करने वाले के लिए वोट नहीं मांगा होगा।