तीसरे चरण के चुनाव प्रचार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को गुजरात के बनासकांठा में चुनावी रैली में पहुंचे। उन्होंने कहा कि ये मोदी है, जब तक मोदी जिंदा है, किसी को धर्म के आधार पर आरक्षण का खेल नहीं खेलने दूंगा। उन्होंने चुनावी सभा में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। कहा कि कांग्रेस ने मेरे बारे में कई झूठ फैलाए हैं कि चौकीदार ही चोर है, मोदी खून की दलाली करता है। लेकिन जनता का मुझ पर भरोसा था, मैं 2019 में इसलिए दूसरी बार भी चुनाव जीत गया था।
बनासकांठा की चुनावी रैली में मोदी ने लोगों से गुजराती में सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मैंने अपनी राजनीतिक यहीं गुजरात से ही शुरू की है, आज यहां आकर मैं अपने आप को भाग्यशाली समझ रहा हूं। उन्होंने सभा से कहा कि पहले लोगों से हिंदी में बात कर लेते हैं, फिर गुजराती में आपसे बात करेंगे।
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर वार करते हुए बोला कि ये मोदी है, मोदी जब तक जिंदा है, देश में किसीा को धर्म के आधार पर आरक्षण का खेल नहीं खेलने देंगे। उन्होंने कहा कि एससी, एसटी, ओबीसी और सामान्य वर्ग के गरीब... उनको जो आरक्षण मिला है, संविधान के तहत मिला है। बाबा साहेब के आशीर्वाद से मिला है। उसमें रत्ती भर भी कोई लूट नहीं सकता है। कांग्रेस की हिम्मत है तो घोषणा करके देख लें, मैं चुनौती देता हूं।
चायवाला क्या कर लेगा कहकर मजाक उड़ाया था मेरा- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि 2019 के चुनाव से पहले विपक्ष को लगता था कि दूसरी बार मोदी सरकार नहीं आएगी। लेकिन आप लोगों ने प्यार और विश्वास ने मुझे फिर से दूसरी बार भी जिताया था। 2019 के चुनाव में मुझ पर कई झूठे आरोप लगाए थे कि चौकीदार ही चोर है, मोदी खून की दलाली करता है। लेकिन जनता का फैसला था कि विपक्ष सत्ता में आने लायक नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि 2014 में जब मै लोकसभा चुनाव मैदान में आया तो लोगों ने चायवाला बताकर मेरा मजाक उडाया था। उन्होंने कहा कि जनता ने उनकी हरकतों का जवाब दिया कि 400 सीट लेकर बैठने वाले 40 सीटों पर आ गए हैं। उन्होंने कहा यह मोदी की गारंटी है कि देश को आने वाले समय में विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवसथा बनाकर रहेंगे।
मोहब्बत की दुकान में फेक वीडियो का चला रहे कारोबार
पीएम मोदी ने कांग्रेस को कहा कि ये मोहब्बत की दुकान लेकर निकले थे, लेकिन इन्होंने मोहब्बत की दुकान में फेक वीडियो का कारोबार खोल दिया है। अब चुनाव में उनकी बातें नहीं चल रही, इसलिए वो फर्जी वीडियो बनाकर फैला रहे हैं। इनकी मोहब्बत की दुकान फेक फैक्ट्री हो चुकी है। कांग्रेस के शहजादे ने गर्व के साथ पूरे मोदी समाज को, पूरे ओबीसी समाज को चोर कह दिया। यही नहीं, ये मेरे माता-पिता को भी भला-बुरा कहने में पीछे नहीं रहे।
पहले से भी कम सीटों पर सिमट जाएगी कांग्रेस
पीएम मोदी ने कहा कि अब 2024 में कांग्रेस और इंडी गठबंधन ऐसा झूठ लेकर फिर से मैदान में आए हैं- संविधान दिखाते हैं, आरक्षण ले लेंगे। इसका डर दिखाते हैं। यही उनका काम है। इस बार भी ये पहले से कम सीटों में सिमट जाएंगे।
पहले चरण में इंडी गठबंधन पस्त हुआ और दूसरे चरण में पूरी तरह ध्वस्त हो गया है।