कर्नाटक के दक्षिण बंगलूरू संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर चुनावी मैदान में उतरीं सौम्या रेड्डी की कुल संपत्ति 3.54 करोड़ रुपये है। चुनाव आयोग में दाखिल हलफनामे के मुताबिक, सौम्या के पास 1,00,69,541 रुपये की चल और 2,52,81,758 रुपये की अचल संपत्ति है। उनके ऊपर 1.53 करोड़ की देनदारी भी है।
भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या को चुनौती दे रहीं सौम्या के पास 1.29 करोड़ का आवासीय फ्लैट है। उन पर छह आपराधिक मामले भी चल रहे हैं। इस सीट पर दूसरे चरण में मतदान होना है। इसके साथ ही 19.85 लाख की कार, 29 लाख के जेवर सहित उनके पास 44035 रुपये नकद हैं।
मंडल के पास 4.30 लाख कैश, 5.28 लाख के जेवर
बिहार की भागलपुर सीट के मौजूदा सांसद और एनडीए के जदयू उम्मीदवार अजय मंडल के पास चार लाख 30 हजार रुपये कैश हैं, तो उनके बैंक खाते में तीन लाख 24 हजार रुपये हैं। उनके पास करीब 5 लाख 28 हजार के सोने के जेवर हैं। अजय मंडल के पास कृषि भूमि तो नहीं है, लेकिन उनके पास तीन फ्लैट हैं। उनके पास दो गाड़ियां भी हैं।
कांग्रेस के अजित शर्मा के पास 75 लाख के आभूषण
भागलपुर से ही महागठबंधन की ओर से कांग्रेस प्रत्याशी अजित शर्मा के पास 2.25 लाख रुपये कैश हैं। करीब 75 लाख रुपये के 1.30 किलो आभूषण हैं। 3 करोड़ की व्यावसायिक व आवासीय जमीन है। उन्होंने दोनों बेटियों से क्रमश: 55.82 लाख और 22.94 लाख का लोन ले रखा है। उनके पास चार गाड़ियां हैं। कई प्राइवेट व पार्टनरशिप फर्म में एमडी हैं। उनके खिलाफ दो आपराधिक मामले भी लंबित हैं।