देशभर में लोकसभा चुनाव की तैयारियां चल रही है। मतदाताओं का ध्यान अपनी तरफ खींचने के लिए राजनीतिक दलों के नेता एक दूसरे पर बयानों के तीर छोड़ रहे हैं। इस बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने तमिलनाडु में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि इंडी गठबंधन टिकाऊ नहीं है। वो सिर्फ सत्ता पाने के लिए एक दूसरे के साथ आए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव शुरू होने से पहले ही इंडिया ब्लॉक के नेता आपस में लड़ रहे हैं और इससे साफ पता चलता है कि उनके बीच कोई तालमेल नहीं है।
‘वो जानबूझकर हिंदू धर्म पर निशाना साध रहे हैं’
केंद्रीय मंत्री ने इंडी गठबंधन पर जानबूझकर हिंदू धर्म का अपमान करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन के नेता जानबूझकर हिंदू धर्म का अपमान कर रहे हैं। डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन ने सनातन धर्म को मच्छरों से फैलने वाला डेंगू और मलेरिया कहा। राजनाथ सिंह ने सवाल पूछा कि क्या डीएमके को ऐसे बयानों के लिए माफी नहीं मांगनी चाहिए?
‘वो शक्ति को नष्ट करना चाहते हैं, तमिलनाडु में शक्ति ही शक्ति है’
इस दौरान रक्षा मंत्री ने कहा कि विपक्ष शक्ति को नष्ट करने की बात करता है इस तरह इंडी गठबंधन के लोग हिंदू धर्म का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि विपक्ष को हिंदू धर्म में विश्वास रखने वाली शक्ति को नष्ट करना है जबकि तमिलनाडु में कांची कामाक्षी, मदुरै मीनाक्षी के रूप में शक्ति ही शक्ति है।