वेणुगोपाल राव, मल्लिकार्जुन खरगे और सोनिया गांधी।
- फोटो : PTI
कांग्रेस ने ओडिशा विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। रविवार रात जारी की गई सूची में 75 उम्मीदवारों को टिकट दिया गया है। ओडिशा में 13 मई से 1 जून के बीच आम चुनाव और विधानसभा चुनाव होने हैं। राज्य में 147 विधानसभा और 21 लोकसभा सीटें हैं। इससे पहले कांग्रेस ने दिल्ली और पंजाब सहित लोकसभा चुनाव के लिए 10 उम्मीदवारों की एक और सूची भी जारी की।
इसमें पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को प्रदेश की जालंधर (एससी) लोकसभा सीट से टिकट दिया गया। सूची के मुताबिक, पार्टी ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की चांदनी चौक सीट से अनुभवी नेता जेपी अग्रवाल, जबकि उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट से कन्हैया कुमार को मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने उत्तर पश्चिम दिल्ली लोकसभा सीट से पूर्व सांसद उदित राज को मैदान में उतारा है ।
पंजाब में कांग्रेस ने सांसदों गुरजीत सिंह औजला को अमृतसर से जबकि अमर सिंह को फतेहगढ़ साहिब सुरक्षित लोकसभा सीट से टिकट दिया है। पूर्व सांसद धरमवीर गांधी को पटियाला से कांग्रेस ने टिकट दिया है। धरमवीर गांधी ने कुछ ही दिन पहले आम आदमी पार्टी की सदस्यता छोड़ कर कांग्रेस का दामन थामा था।
कांग्रेस के अखिल भारतीय किसान शाखा के अध्यक्ष सुखपाल सिंह खैरा को संगरूर लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है, जबकि जीत मोहिंदर सिंह सिद्धू को बठिंडा से मैदान में उतारा गया है। पार्टी ने उत्तर प्रदेश की इलाहाबाद लोकसभा सीट से उज्ज्वल रेवती रमन सिंह को टिकट दिया है।