फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UPTET Exam 2021: यूपी टीईटी परीक्षा नोएडा में हुआ हंगामा तो जौनपुर-आजमगढ़ में पकड़े गए बोगस उम्मीदवार

Sun, 23 Jan 2022 06:21 PM IST
देवेश शर्मा एजुकेशन डेस्क, अमर उजाला

सार

UPTET 2021 Exam Live updates: कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी-टीईटी) 2021 रविवार, 23 जनवरी को संपन्न हुई। हालांकि, परीक्षा के दौरान कई केंद्रों पर हंगामेदार स्थिति बनी रही। वहीं, आजमगढ़ और जौनपुर जिलों में यूपीटेट परीक्षा के दौरान डमी कैंडिडेट भी पकड़े गए हैं।
विज्ञापन
यूपी टीईटी परीक्षा 2021 - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

UPTET Exam 2021 Live Updates: कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी-टीईटी) 2021 रविवार, 23 जनवरी को संपन्न हुई। हालांकि, परीक्षा के दौरान कई केंद्रों पर हंगामेदार स्थिति बनी रही। इसका कारण बनी, परीक्षा को लेकर प्रशासनिक सख्ती। वहीं, आजमगढ़ और जौनपुर जिलों में यूपीटेट परीक्षा के दौरान डमी कैंडिडेट भी पकड़े गए हैं। 

विज्ञापन

इससे पहले रविवार सुबह बारिश के कारण कई केंद्रों पर परीक्षार्थी पहुंचने में लेट हो गए तो उन्हें प्रवेश नहीं दिया गया। जबकि कुछ केंद्रों पर उचित दस्तावेजों के अभाव में उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र में एंट्री नहीं करने दी गई। इसे लेकर नोएडा के एक परीक्षा केंद्र पर उम्मीदवारों ने हंगामा कर दिया। वहीं, अभिभावकों में नाराजगी देखने को मिली।

यह भी पढ़ें : UPTET 2021 Exam: यूपी टीईटी 2021 के लिए आज डेढ़ घंटे पहले खुले परीक्षा केंद्र, 21 लाख उम्मीदवार देंगे परीक्षा, जानें जरूरी निर्देश 

UPTET Exam 2021: आजमगढ़ में परीक्षा दे रहा डमी कैंडिडेट हिरासत में लिया

आजमगढ़ जिले में यूपी शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) में दूसरे उम्मीदवार की जगह परीक्षा देने आए डमी कैंडिडेट को पुलिस ने हिरासत में लिया है। जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के तेरही स्थित शिवाजी पीजी कॉलेज में आरोपी सूरज, मेहनाजपुर क्षेत्र के बरवा निवासी अखिलेश यादव पुत्र कल्पनाथ यादव की जगह परीक्षा देते पकड़ा गया है। आरोपी ने चकमा देने के लिए आधार कार्ड और प्रवेश-पत्र पर अपनी फोटो चिपका रखी थी। परीक्षा केंद्र में सख्त जांच के दौरान यह बात पकड़ में आ गई। पूछताछ में आरोपी ने 15 हजार में सौदे की बात स्वीकार की है। आरोपी सूरज पुत्र धर्मनाथ, पटना (बिहार) के आलमगंज थाना क्षेत्र का रहने वाला है। एसडीएम के निर्देश पर आरोपी को पुलिस हिरासत में रखा गया है।   

UPTET Exam: जौनपुर में तीन बोगस उम्मीदवार दबोचे, महिला भी शामिल

वहीं जौनपुर जिले से भी दूसरी पाली की परीक्षा शुरू होने तक तीन बोगस उम्मीदवार पकड़े गए हैं। तीनों ही बिहार के निवासी बता जाते हैं। इनमें एक महिला भी शामिल है। जिले के जफराबाद थाना क्षेत्र के राम निरंजन इंटर कॉलेज कजगांव से पुलिस ने एक युवक राजीव कुमार यादव पुत्र बालेश्वर यादव को पकड़ा है। वह बिहार के गया जिले के खुदागंज थाना क्षेत्र ललियारी से है। वह बरेली के पंडरी खत्मा भोजीपुरा के जितेंद्र पाल गंगवार पुत्र मिथलेश कुमार की जगह परीक्षा देने आया था। इसके अलावा, एसटीएफ द्वारा पहली ही पाली में वैशाली (बिहार) निवासी पप्पू सिंह को, सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के सहदेव इंटर कॉलेज सुल्तानपुर गौर में महेंद्र यादव की जगह परीक्षा देते पकड़ा गया है। जबकि जलालपुर थाना क्षेत्र के बयालसी इंटर कॉलेज में दूसरी पाली की परीक्षा के दौरान एक महिला बोगस उम्मीदवार को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पूछताछ में महिला ने दूसरे की जगह परीक्षा में बैठने की बात स्वीकारी है। 



- नोएडा के एक परीक्षा केंद्र पर प्रदर्शन करते उम्मीदवार और अभिभावक।

नोएडा सेक्टर-30 स्थित डीपीएस स्कूल में बनीं हंगामे की स्थिति

नोएडा में सेक्टर-30 स्थित डीपीएस स्कूल परीक्षा केंद्र में परीक्षा देने पहुंचे यूपी टीईटी के उम्मीदवारों का दावा है कि उन्हें एग्जाम हॉल में प्रवेश से रोक दिया गया है। एक उम्मीदवार ने बताया कि हमारे पास सभी दस्तावेज हैं, लेकिन वे चाहते हैं कि हम दस्तावेजों पर प्रिंसिपल के हस्ताक्षर द्वारा प्रमाणित वाली प्रतियां दिखाएं। अगर संबंधित व्यक्ति इलाहाबाद में है तो मैं इसे कैसे प्राप्त करूंगा। फिर भी अधिकारी हमें परीक्षा में उपस्थित नहीं होने दे रहे हैं। 

यह भी पढ़ें : Sarkari Naukri-Result Live 2022: एसएसएसी और आरएसएमएसएसबी ने निकालीं बंपर नौकरियां, ये हैं पात्रता और आवेदन प्रक्रिया

नोएडा पुलिस का जवाब- वैध दस्तावेज नहीं थे, इसलिए रोका

वहीं, इस मामले को लेकर एडिशनल कमिश्नर, नोएडा पुलिस ने मीडिया से कहा कि जिन लोगों के पास वैध दस्तावेज नहीं थे, उन्हें यहां के अधिकारियों के अनुसार परीक्षा केंद्रों में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई थी। वैध दस्तावेज वाले किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा में शामिल होने से नहीं रोका गया। मार्कशीट की प्रति के सत्यापन के लिए, उन्हें या तो प्रिंसिपल या संबंधित अधिकारी से हस्ताक्षर कराना चाहिए था, लेकिन उन्होंने इसे कहीं और से कराया होगा। यही कारण है कि परीक्षा केंद्र के अधिकारियों ने उन्हें प्रवेश नहीं करने दिया। इस संबंध में पहले ही दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए थे।
विज्ञापन

सीएम योगी ने दी बधाई

उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने यूपी टीईटी परीक्षा के सफल आयोजन पर सभी को बधाई दी है। उन्होंने कहा - कोरोना महामारी की चुनौतीपूर्ण स्थितियों में UPTET-2021 का सफल आयोजन एक उपलब्धि है। इसके लिए सभी अभ्यर्थियों, केन्द्र व्यवस्थापकों, कक्ष निरीक्षकों, पर्यवेक्षकों सहित परीक्षा के आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हार्दिक बधाई।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें