विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने सभी विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षणा संस्थानों से उनकी लीगल, विजिलेंस, रैगिंग, छात्रों की शिकायत, फीस न लौटाने समेत 10 विषयों पर रिपोर्ट मांगी है।
यूजीसी ने सभी उच्च शिक्षण संस्थानों से इन 10 विषयों की रिपोर्ट अपडेट करके भेजने का निर्देश जारी किया है। यह पहला मौका है कि जब आयोग ने विश्वविद्यालयों से रिपोर्ट मांगी है।
यूजीसी काउंसिल की बैठक में आया था प्रस्ताव
यूजीसी के सचिव प्रोफेसर मनीष जोशी की ओर से मंगलवार देर शाम सभी उच्च शिक्षण संस्थानों को रिपोर्ट देने को लेकर पत्र जारी किया है। इसमें लिखा है कि पिछले दिनों आयोजित यूजीसी काउंसिल की 572वीं बैठक में यह प्रस्ताव आया था।
इसलिए देनी होगी जानकारी
इसी के तहत सभी को उच्च शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने लीगल, विजिलेंस,स्टेटमेंट ऑफ अकाउंट, यूजीसी रेगुलेशन को लागू न करने, किसी भी तरह की शिकायत, शिकायत निवारण तंत्र, लोकपाल की नियुक्ति, इंटरनल कंप्लेंट कमेटी, यूजीसी नियमों के तहत फीस न लौटाने की पॉलिसी संबंधी मामले और रैगिंग को लेकर किस प्रकार की शिकायतें आईं और इन मामलों को कैसे सुलझाया गया, इस विषय पर जानकारी देनी होगी।